झज्जर। फायर स्टेशन झज्जर की टीम की ओर से शुक्रवार को पेस ग्रुप में फायर सेफ्टी मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। इस दौरान फायर ब्रिगेड के कर्मचारियों ने विद्यार्थियों और स्टाफ को आग जैसी आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए आवश्यक प्रशिक्षण दिया।
मॉक ड्रिल में विभिन्न प्रकार की आग पर नियंत्रण पाने के तरीकों का व्यावहारिक प्रदर्शन किया गया। टीम ने विद्यार्थियों को बताया कि आग लगने की स्थिति में घबराने के बजाय सतर्कता और सही जानकारी के साथ कार्रवाई करनी चाहिए। सबसे पहले एबीसी फायर एक्सटिंग्विशर के सुरक्षित इस्तेमाल की प्रक्रिया समझाई गई। इसके बाद इलेक्ट्रिकल विभाग में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की स्थिति में सीओ2 सिलेंडर के उपयोग का प्रदर्शन किया गया।
टीम ने गैस सिलिंडर में आग लगने की स्थिति को नियंत्रित करने का लाइव प्रदर्शन भी किया। साथ ही, आग बुझाने में पानी के उपयोग और उससे जुड़ी सावधानियों की जानकारी दी गई।
निदेशक जय विकास ने कहा कि विद्यार्थियों की सुरक्षा और सुरक्षित वातावरण बनाए रखना प्रबंधन की प्राथमिकता है। परिसर में फायर सेफ्टी के आवश्यक उपकरण और सुरक्षा प्रणालियां स्थापित हैं। कार्यक्रम में चेयरमैन युद्धवीर, मैनेजिंग डायरेक्टर हरीश, संदीप, सुमित चावला और अश्वनी मौजूद रहे।