बहादुरगढ़। कुंडली-मानेसर-पलवल (केएमपी) एक्सप्रेस-वे पर वीरवार देर रात एक सड़क हादसा हुआ। मांडोठी के पास हुए हादसे में टायर जांच रहे हेल्पर की कैंटर की टक्कर से मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है।
मृतक की पहचान करीब 25 वर्षीय कामिल के रूप में हुई, जो उत्तर प्रदेश के मथुरा का निवासी था। वह अपने भाई हारुन के ट्रक पर बतौर हेल्पर काम करता था। वीरवार को वे स्क्रेप भरकर पंजाब के गोविंदगढ़ जा रहे थे। रात करीब सवा 12 बजे केएमपी पर मांडोठी के निकट ट्रक के टायर में खराबी आई।
गाड़ी साइड में लगाने के बाद कामिल टायर जांचने के लिए नीचे उतरा। वह ट्रक के पीछे था, तभी पीछे से आए एक कैंटर ने ट्रक को टक्कर मार दी। कामिल दोनों वाहनों के बीच पिस गया, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। हादसे के बाद आरोपी कैंटर चालक मौके से फरार हो गया।
घायल कामिल को बहादुरगढ़ के नागरिक अस्पताल ले जाया गया। वहां से उसे पीजीआई रोहतक स्थानांतरित किया गया। पीजीआई में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। आसौदा थाना एसएचओ जयभगवान ने हारुन की शिकायत पर आरोपी कैंटर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन शुरू की है।