-फोटो 51 : रेलवे रोड पर विश्वकर्मा चौक के नजदीक लगाए गए नाके व तैनात पुलिस। संवाद
बहादुरगढ़। 10 अक्तूबर को करवाचौथ का पर्व मनाया जाएगा। बाजारों में जाम न लगे, इसको लेकर ट्रैफिक पुलिस की ओर से विशेष प्लान लागू किया गया है। शहर के मुख्य बाजारों और रेलवे रोड पर यह व्यवस्था बनाई गई है। दोनों बाजारों में बैरिकेडिंग करते हुए पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। करवाचौथ पर्व पर बाजारों में चार पहिया वाहनों की एंट्री बैन रहेगी। तिपहिया और ई-रिक्शा चालकों को आने-जाने की अनुमति दी गई है। पुलिस की ओर से बाजारों में 6 स्थानों पर नाके लगाए गए हैं।
करवाचौथ पर्व पर बाजारों में उमड़ने वाली भीड़ और जाम की स्थिति को देखते हुए पुलिस की ओर से प्लान लागू किया है। करवाचौथ की पूर्व संध्या पर यह व्यवस्था लागू कर दी गई है। ट्रैफिक पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दीपावली पर्व से कई दिन पहले भी बाजारों में यही व्यवस्था बनाई जाएगी।
मेन बाजार में 4 जगहों पर पुलिस नाके लगाए गए हैं और रेलवे रोड पर 2 जगहों पर नाके लगाए गए हैं। इन स्थानों पर ट्रैफिक पुलिस, होमगार्ड और स्थानीय पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं ताकि चार पहिया वाहन भीड़भाड़ वाले बाजार में प्रवेश न कर सके और व्यवस्था सुचारु बनी रहे।
यह कदम भीड़भाड़ व जाम की समस्या से निपटने के लिए उठाया गया है ताकि त्योहार पर खरीदारी करने के लिए आने वाले लोगों को परेशानी न हों। वाहन चालकों से अपील है कि वह अपने वाहनों को निर्धारित पार्किंग में ही खड़ा करें। नो-पार्किंग जोन में न खड़ा करें।
जो भी चालक नियमों की पालना नहीं करेगा, उनका वायलेशन एप के जरिए चालान किया जाएगा। इस एप से पुलिसकर्मी सीधे वाहन का फोटो लेकर उसका नंबर डालते हैं। इसके बाद वाहन मालिक की जानकारी सिस्टम पर अपने आप आ जाती है। नियम उल्लंघन पर एक क्लिक में चालान जारी हो जाता है और उसका संदेश वाहन मालिक के नंबर पर पहुंच जाता है।
-महेश कुमार, एसएचओ ट्रैफिक, बहादुरगढ़।