-फोटो 82 : रेलवे रोड पर मंडी में सब्जी खरीदती महिलाएं। संवाद
बहादुरगढ़। टमाटर की कीमतों में पिछले एक सप्ताह के दौरान आई तेज बढ़ोतरी ने आम लोगों की रसोई का बजट प्रभावित कर दिया है। खुदरा बाजार में टमाटर 70 से 80 रुपये प्रति किलो तक बिक रहा है, जबकि एक सप्ताह पहले इसका भाव 35 से 40 रुपये प्रति किलो था। कीमतों में करीब 40 रुपये प्रति किलो की वृद्धि से उपभोक्ताओं की चिंता बढ़ गई है।
रेलवे रोड स्थित सब्जी मंडी के विक्रेताओं का कहना है कि विभिन्न क्षेत्रों से टमाटर की आवक कम होने के कारण भाव लगातार बढ़ रहे हैं। मौसम में बदलाव और उत्पादन प्रभावित होने से आपूर्ति घट गई है, जिसका सीधा असर कीमतों पर पड़ा है। टमाटर के साथ अन्य हरी सब्जियों के दाम भी ऊंचे बने हुए हैं।
सब्जी खरीदने आई महिलाओं ने बताया कि टमाटर लगभग हर सब्जी और सलाद का जरूरी हिस्सा है। बढ़ती कीमतों के कारण अब उन्हें जरूरत के अनुसार ही कम मात्रा में खरीदारी करनी पड़ रही है। उनका कहना है कि रसोई गैस, दालों और अन्य खाद्य वस्तुओं के बढ़े दामों के बीच टमाटर महंगा होना अतिरिक्त आर्थिक बोझ बन गया है। विक्रेताओं को नई फसल की आवक बढ़ने के बाद ही कीमतों में राहत की उम्मीद है।