बहादुरगढ़। दिल्ली की ओर कूच कर रहे किसानों के कई स्थानों पर उग्र प्रदर्शन को देखते हुए हरियाणा और दिल्ली प्रशासन ने टीकरी बॉर्डर की किलेबंदी और मजबूत कर दी है। बहादुरगढ़ में सेक्टर-9 मोड़ से टीकरी बॉर्डर तक सील कर दिया गया है। चप्पे-चप्पे पर पुलिस, आईटीबीपी और पैरामिलिट्री फोर्स को तैनात किया। अफसरों ने साफ कह दिया है कि किसी भी सूरत में किसानों को दिल्ली में नहीं घुसने देंगे। कई स्थानों पर दिल्ली की ओर बढ़ रहे किसानों के उग्र प्रदर्शन और बवाल को देखते हुए दिन भर दिल्ली और हरियाणा पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर डटे रहे।
पंजाब, दिल्ली और हरियाणा तीनों प्रदेश के पुलिस अधिकारी आपस में संपर्क साधे रहे। दिल्ली और हरियाणा की पुलिस एक-दूसरे से इनपुट सांझा कर कार्रवाई कर रही हैं। किसान दिल्ली में न पहुंचे, इसको लेकर मंगलवार को कड़े बंदोबस्त किए। मंगलवार को सुबह के समय टीकरी बॉर्डर आवाजाही के लिए खुला था,। दोपहर के समय जैसे ही अंबाला में शंभू बॉर्डर पर किसानों और पुलिस के बीच बवाल मचा तो दिल्ली और हरियाणा पुलिस ने भी किलेबंदी तेज कर दी। दिल्ली की तरफ जाने वाले वाहनों को रोक दिया गया। शाम चार बजे दिल्ली पुलिस ने हरियाणा-दिल्ली की दोनों सड़कों को सील कर दिया। बहादुरगढ़ में भी पुलिस ने सीमेंट के बैरिकेड को मिलाकर कंक्रीट भरवाकर पांच फुट चौड़ी दीवार बनाकर पूरी तरह सड़कों को बंद कर दिया। वहां से आवाजाही पूरी तरह तौर पर बंद कर दी गई। झाड़ौदा बॉर्डर पर मिट्टी भरकर ट्रक खड़े किए गए हैं। मंगलवार को दिन भर टीकरी बॉर्डर और सेक्टर-9 मोड़ पर सीनियर अधिकारियों का जमावड़ा रहा। बॉर्डर पर जहां दिल्ली के सीपी विक्रमजीत सिंह, बाहरी दिल्ली के डीसीपी जिमी चिराम डटे रहे। वहीं सेक्टर-9 मोड़ पर एसपी डॉ. अर्पित जैन के अलावा डीएसपी धर्मबीर सिंह, समेत सभी थानों के एसएचओ और अन्य अधिकारी व्यवस्थाओं का जायजा लेते रहे।
मेट्रो पिलर पर लगवाए सीसीटीवी कैमरे, ड्रॉन से निगरानी
जिला पुलिस ने मेट्रो पिल्लर पर अनेक स्थानों पर सीसीटीवी लगाए हैं। उनसे देखरेख की जाएगी। साउंड सिस्टम भी लगाया गया है। बहादुरगढ़ में सेक्टर-9 मोड़ पर दिनभर बैरिकेडिंग करने का काम चलता रहा। झज्जर पुलिस के साथ पैरामिलिट्री फोर्स तैनात की गई है। बहादुरगढ़ और दिल्ली पुलिस ड्रोन से भी कड़ी निगरानी रख रही है।
कंटीले तार, सीमेंट के पत्थरों से बनाई दीवार
किसानों को दिल्ली की तरफ बढ़ने से रोकने के लिए जिला पुलिस ने कड़े इंतजाम किए हैं। शुरुआत में लोहे के बैरिकेड लगाकर उन पर कंटीली तार लगाई गई है। इसके बाद पत्थर के ब्लाक रखे गए हैं। इसके साथ ही सीमेंट पत्थर को मिलाकर उसमें कंक्रीट भरवाकर पांच फुट चौड़ी मजबूत दीवार बनाई गई है। इसके आगे लोहे के बड़े-बड़े कंटेनर रखकर उनमें मिट्टी भरी गई है। लोहे के सरियों को भी वेल्ड किया जा रहा है।