अपनी मांगों को लेकर बैठक करते सामान्य बस अड्डे झज्जर में हरियाणा रोडवेज वर्कर यूनियन के पदाधि
झज्जर। हरियाणा रोडवेज वर्कर्स यूनियन (संबंधित सर्व कर्मचारी संघ) झज्जर डिपो की बैठक झज्जर डिपो के प्रधान विजय माजरा की अध्यक्षता में संपन्न हुई। इसमें मांगे पूरी न होने के विरोध में 16 फरवरी को चक्का जाम करने का निर्णय लिया।
बैठक का संचालन दिनेश डीघल ने किया। राज्य महासचिव सुमेर सिवाच ने कहा कि सरकार द्वारा बार-बार की जा रही वादाखिलाफी व टरकाऊ रवैये से कर्मचारियों में भारी रोष है। सरकार व विभाग के उच्चाधिकारी रोडवेज कर्मचारियों की मांगों के लिए गंभीर नहीं है। इसके चलते 16 फरवरी को रोडवेज कर्मचारी चक्का जाम करेंगे। इससे पहले 14 व 15 फरवरी को हस्ताक्षर अभियान भी चलाया जाएगा। रोडवेज नेताओं ने कहा कि बार-बार सांझा मोर्चा प्रतिनिधिमंडल परिवहन मंत्री, परिवहन विभाग के प्रधान सचिव से मिल चुका है और उनको मांगों से अवगत कराया जा चुका है। इसके बावजूद भी अभी तक कोई सकारात्मक जवाब नहीं आया है और न ही मांगों पर कोई अमल किया गया है। इसलिए आंदोलन को निर्णायक मोड़ पर ले जाएंगे। उन्होंने परिचालकों व लिपिकों का वेतनमान 35400 किया जाए, अर्जित अवकाश में कटौती का पत्र वापस लेकर पहले की तरह अवकाश लागू करने की मांग की। पुरानी पेंशन बहाली, जोखिम भत्ता देने पर सरकार बिल्कुल गम्भीर नहीं है। बेड़े में 10 हजार बसों को शामिल किया जाए ताकि 60 हजार बेरोजगारों को रोजगार मिल सके। 2016 को भर्ती चालकों सहित कच्चे कर्मचारियों को पक्का किया जाए। वर्कशॉप सहित सभी श्रेणियों में खाली पड़े रिक्त पदों को स्थाई भर्ती करके भरा जाए। बैठक में हिट एंड रन कानून के विरोध स्वरूप 14 एवं 15 फरवरी हस्ताक्षर अभियान चलाने का निर्णय लिया गया। 16 फरवरी को होने वाली हड़ताल में रोडवेज कर्मचारी भाग लेकर पूर्ण चक्का जाम करेंगे। इसमें झज्जर डिपो के कर्मचारी बढ़-चढ़कर के भाग लेंगे। इस अवसर पर रविंद्र, विनोद, दलजीत, इंद्रजीत, रमेश, कर्मवीर मौजूद रहे।