बहादुरगढ़। पर्यटकों को लालकिला, कुतुब मीनार, हुमायूं का किला या पुराना किला समेत अन्य भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण से संरक्षित एतिहासिक स्मारकों का भ्रमण करना है तो उन्हें टिकट के लिए अब इधर-उधर नहीं भटकना पड़ेगा। अब वे दिल्ली मेट्रो के मोबाइल एप से ही स्मारकों के लिए टिकट बुक कर सकेंगे। इन टिकटों को लोग केवल ऑनलाइन ही ले सकेंगे।
डीएमआरसी के एप मोमेंटम 2.0 दिल्ली सारथी से टिकट ली जा सकेगी। इसके लिए डीएमआरसी ने आर्कियोलॉजिकल सर्वे आफ इंडिया (एएसआई) के साथ एमओयू साइन किया है। इस पहल से लोग मेट्रो में सफर करने की टिकट और एएसआई मान्युमेंट्स की टिकट एक ही जगह से खरीद सकेंगे।
डीएमआरसी के एमडी डॉ. विकास कुमार, एएसआई के एडिशनल डीजी आनंद मधुकर ने एमओयू साइन किया। एएसआई ओर डीएमआरसी साथ आकर एक इंटिग्रेटेड क्यूआर बेस्ड टिकट सिस्टम तैयार करेंगे। इस सिस्टम से लोगों को मेट्रो में सफर करने और एएसआई के मान्युमेंट्स में एंट्री की सीमलेस सुविधा मिलेगी। इस कदम का मकसद देशी और विदेशी टूरिस्टों की सुविधा को बढ़ाना, वर्ल्ड क्लास ट्रेवल और टूरिज्म की सुविधा देना है। इस पहल से लोगों और टूरिस्टों को एक बार में ही मेट्रो से ट्रेवल करते हुए मान्युमेंट में एंट्री मिल जाएगी। उन्हें टिकटों के लिए अलग-अलग कतार में लगने की जरूरत नहीं रहेगी। डीएमआरसी अब इंटिग्रेटेड एएसआई टिकट सिस्टम को अपने ऐप में ला रहा है और मेट्रो स्टेशन पर सिलेक्टड जगहों पर एएसआई साइनेज और स्टैंडी भी लगाएगा, ताकि इसकी जानकारी लोगों को मिल सके।