कोरोना संक्रमण के सक्रिय मरीज बेशक कम रह गए हैं, लेकिन दो दिन से निरंतर तीन-तीन मरीज मिलना चिंता का विषय है। लोगों ने मास्क का प्रयोग कम कर दिया है। वहीं, सैनिटाइजर का प्रयोग न के बराबर किया जा रहा है। सार्वजनिक स्थानों पर सामाजिक दूरी का पालन तक नहीं हो रहा है।
स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार सोमवार को जिले में पांच कोरोना संक्रमितों को ठीक होने के बाद छुट्टी मिल गई है। उसके बाद भी आठ सक्रिय मरीज बचे हुए हैं। सोमवार को तीन नए कोरोना संक्रमित मरीज पाए गए हैं। इनमें से 5 कोरोना संक्रमित मरीज होम आइसोलेशन में हैं और तीन मरीजों को अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। जिले में रिकवरी रेट का आंकड़ा 98.25 प्रतिशत है।
बारिश के कारण लोग नहीं पहुंचे टीका लगवाने
जिले में प्रशासन की ओर से स्वास्थ्य प्रबंधन में वैक्सीनेशन और सैंपलिंग प्रक्रिया पर फोकस किया गया है। कोरोना महामारी के दौर में अब तक जिले में 18,819 मरीज कोरोना संक्रमित मिले हैं। टीकाकरण केंद्रों पर भी लोगों की लंबी लाइनें लगी दिखाई देती हैं। लेकिन सोमवार को दिन भर हुई बारिश के कारण लोग टीकाकरण केंद्र पर नहीं पहुंचे।
लोगों को पूरी तरह से सावधान रहने की आवश्यकता है। इस समय कोरोना कम अवश्य हुआ है, लेकिन खत्म नहीं हुआ है। कोरोना की संभावित तीसरी लहर को ध्यान में रखते हुए लोगों को पूरी तरह से सावधानी बरतनी चाहिए।
- डॉ. संजय दहिया, सिविल सर्जन, झज्जर।