झज्जर। जिले में कोरोना संक्रमण का आंकड़ा निरंतर घटता जा रहा है। करीब दो माह बाद शनिवार को अब तक के सबसे कम कोरोना के केस मिले हैं। स्वास्थ्य विभाग की तरफ से जारी की गई सूची के अनुसार कोरोना के 15 नए केस मिले हैं, जबकि तीन लोगों की मौत हो गई है। जिले में अब तक कोरोना संक्रमण से 285 लोगों की मौत हो चुकी है। फिलहाल 218 सक्रिय केस बचे हुए हैं। ग्रामीण क्षेत्र में शनिवार को 12 व शहरी क्षेत्र में 3 कोरोना संक्रमित मरीज मिले हैं। वहीं 52 लोगों को ठीक होने के बाद छुट्टी दी गई है। जिले में फिलहाल तक 18,623 कोरोना संक्रमित मरीज मिले हैं, इनमें से 18120 मरीज ठीक हो चुके हैं। जिले में ब्लैक फंगस के मरीजों पर ब्रेक लगा हुआ है। करीब पांच दिन से कोई नया मरीज सामने नहीं आया है। फिलहाल तक जिले में 13 ब्लैक फंगस के मरीज मिले हैं। इनमें से छह लोगों की मौत हो चुकी है। बाकी मरीज स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं।
2,14,127 लोगों को लगाए टीके
16 जनवरी के बाद से अब तक जिले में 2,14,127 लोगों को कोरोना से बचाव के लिए टीके लगाए हैं। इनमें से 1,73,678 को पहली डोज व 40,449 को दूसरी डोज लगाई है। 18 से 44 साल तक के युवाओं को अब तक 32,340 को पहली व 6 लोगों को दूसरी डोज लगाई जा चुकी है। शनिवार को 1299 लोगों को टीके लगाए गए हैं। इनमें से 1252 को पहली डोज व 47 तारीख को दूसरी डोज लगाई गई है। विभाग की तरफ से टीकाकरण अभियान निरंतर रूप से चलाया जा रहा है।
जिले में कोरोना को मात देकर संक्रमित मरीज ठीक हो रहे हैं। नए केस भी अब कम आ रहे हैं।
-डॉ. संजय दहिया, सीएमओ, झज्जर।