झज्जर। 2010 बैच के आईएएस अधिकारी श्यामलाल पूनिया ने शनिवार को झज्जर जिले के 21वें उपायुक्त (डीसी) के रूप में पदभार संभाल लिया है। नवनियुक्त उपायुक्त ने निवर्तमान डीसी जितेंद्र कुमार के साथ जिले की गतिविधियों पर विस्तार से चर्चा भी की। इस दौरान उन्होंने कहा कि कोरोना रोकथाम सहित आधारभूत ढांचागत विकास पर ही उनका फोकस रहेगा। जनसमस्याओं का समाधान किया जाएगा।
इस दौरान उन्होंने कहा कि अब हमें सतर्क एवं सजग रहते हुए कोरोना की आगामी किसी भी परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए स्वास्थ्य सुरक्षा की दिशा में प्रभावी कदम उठाने हैं। उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ औपचारिक बैठक में कहा कि टीम भावना के साथ जिस प्रकार जिला प्रशासन अब तक कार्य करता आया है, अब उनके साथ फिर से वे पूरी संजीदगी के साथ कार्य करते हुए जिले को स्वास्थ्य सुरक्षा की दृष्टि से और विकास कार्यों पर फोकस रखते हुए आगे बढ़ाएंगे।
इस मौके पर निवर्तमान डीसी जितेंद्र कुमार ने कहा कि जिस त्याग व समर्पण भाव से प्रशासनिक टीम ने दो माह से दिन रात चुनौती को स्वीकार करते हुए समाधान पर ध्यान दिया है, वह अनुकरणीय है। कोरोना से ग्रस्त होने के बावजूद भी प्रशासनिक अधिकारियों ने टीम भावना के साथ हर पहलू पर आमजन के स्वास्थ्य सुधार के प्रति प्रदत्त कार्य को पूरा करते हुए जिले को कोरोना मुक्त करने की दिशा में सार्थक कदम बढ़ाए हैं।