गांव जसोरखेड़ी के पास से गुजर रही नहर में गली सड़ी अवस्था में मिले व्यक्ति के शव की 3 दिन बाद भी पहचान नहीं हो पाई है। शिनाख्त न होने की स्थिति में अब सोमवार को पुलिस शव का दाह संस्कार कराएगी। फिलहाल शव को सामान्य अस्पताल बहादुरगढ़ के शवगृह में रखवाया गया है।
गांव जसोरखेड़ी से भैंसरू गांव की ओर जाने वाले मार्ग के पास से गुजर रही एनसीआर माइनर में बृहस्पतिवार की सुबह एक व्यक्ति का शव दिखाई पड़ा था। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्यवाही शुरू की। पुलिस शव को अपने साथ ले आई और पहचान के लिए सामान्य अस्पताल बहादुरगढ़ के शवगृह में रखवा दिया। शव करीब 35 वर्षीय व्यक्ति का है।
आसौदा पुलिस चौकी प्रभारी एएसआई जगबीर ने बताया कि आसपास व अन्य क्षेत्राें की पुलिस को इस बारे में सूचना दी गई थी। गुमशुदा लोगाें की जानकारी भी जुटाई जा रही है। रविवार शाम तक यदि शव की शिनाख्त नहीं हो पाती है तो सोमवार को पुलिस शव का दाह संस्कार कराएगी।