झज्जर। जिले में कोरोना संक्रमण को लेकर अच्छी खबर सामने आ रही हैं। संक्रमण के मरीज लगातार कम हो रहे हैं। मंगलवार को जिले में एक भी मरीज कोरोना संक्रमण का नहीं मिला था वहीं बुधवार को केवल 3 संक्रमित केस सामने आए हैं। तीनों मरीज शहरी क्षेत्र के हैं। इनमें दो मरीज बहादुरगढ़ शहर से हैं वहीं एक मरीज झज्जर के शहरी क्षेत्र से है। ग्रामीण क्षेत्र से बुधवार को एक भी मरीज सामने नहीं आया है।
वहीं जिले में कोरोना से मौत होने का सिलसिला निरंतर जारी है। हर रोज दो से तीन लोगों की मौत संक्रमण से हुई है। अब तक जिले में 306 लोगों की मौत संक्रमण से हो चुकी हैं। जिले में मौत का आंकड़ा निरंतर बढ़ता जा रहा है। इसके अलावा जिले में रिकवरी रेट में बढ़ोतरी होते हुए आंकड़ा अब 98.1 फीसदी पर पहुंच गया है।
कोरोना संक्रमण के चक्र को तोड़ने के प्रयासों के परिणाम आ रहे सामने
डीसी श्याम लाल पूनिया ने बताया कि कोरोना संक्रमण चक्र को तोड़ने के लिए किए जा रहे प्रयासों के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। उन्होंने बताया कि जिलेभर में कोरोना महामारी के दौर में अभी तक कुल 18 हजार 773 मरीज संक्रमित हुए थे, जिनमें से 18 हजार 425 मरीज स्वास्थ्य सेवाएं लेते हुए अब पूर्ण रूप से स्वस्थ हो चुके हैं। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार बुधवार को 3 कोरोना संक्रमित मरीज स्वस्थ होने के बाद डिस्चार्ज हुए। डीसी ने बताया कि 28 मरीज फिलहाल होम आइसोलेशन में हैं और स्वास्थ्य विभाग की टीमों की तरफ से उनकी निरंतर निगरानी की जा रही है। जिले में कोरोना के कुल सक्रिय केस अब 42 रह गए हैं। जिनमें से अस्पतालों में मात्र 14 मरीज बचे हैं।