झज्जर। पिछले साल 10 अगस्त को दुजाना के पास एक युवक के साथ मारपीट कर छह लाख रुपये लूटने के तीन आरोपियों को पुलिस प्रोडेक्शन वांरट लेकर पूछताछ के बाद अदालत में पेश किया। जहां से आरोपियों को न्यायिक हिरासत भेज दिया है। आरोपियों से पुलिस ने लूटी गई राशि में से 2.25 लाख रुपये बरामद कर लिए हैं।
सीआईए टू प्रभारी बहादुरगढ़ उप निरीक्षक सत्यवान ने बताया कि लूटपाट व छीना-झपटी के मामले में कार्रवाई करते हुए टीम ने उपरोक्त मामले में वांछित तीन आरोपियों को प्रोडक्शन वारंट पर लाकर गिरफ्तार किया गया। उन्होंने बताया कि अली हसन निवासी गांव दुजाना ने बेरी में अपनी मनी ट्रांसफर की दुकान कर रखी है। वह अपनी दुकान से 10 अगस्त 2020 की रात को अपने घर वापस दुजाना की तरफ जा रहा था। रास्ते मे दुजाना के पास एक स्विफ्ट डिजायर कार में सवार चार लड़कों ने गाड़ी अड़ाकर उससे करीब छह लाख रुपये की नकदी छीन ली थी। इसके संबंध में थाना दुजाना में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ आपराधिक मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले में एक आरोपी राजेश उर्फ बल्ली निवासी बेरी को काबू किया गया था।
सीआईए प्रभारी ने बताया कि 21 दिसंबर 2020 को बहादुरगढ़ शहरी क्षेत्र में हुई करीब 65 लाख रुपये की लूटपाट की वारदात में पकड़े गए आरोपी रविंद्र व अक्षय दोनों निवासी गांव दुबलधन और प्रदीप निवासी गांव पिलाना रोहतक, झज्जर की दुलीना जेल में बंद थे। तीनों आरोपियों को प्रोडक्शन वारंट पर लाकर अदालत में पेश किया गया। जहां से आरोपियों को पूछताछ के लिए दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया। पुलिस रिमांड के दौरान पूछताछ में आरोपियों की निशानदेही पर थाना दुजाना में दर्ज छीनाझपटी के मामले में छीनी गई राशि में से सवा दो लाख रुपये की नकद राशि बरामद की गई। आरोपी रविंद्र के कब्जे से 80 हजार रुपये, प्रदीप से 75 हजार रुपये और अक्षय के कब्जे से 70 हजार रुपये नगद बरामद किए गए।