झज्जर। शहर के वार्ड नंबर-7 निवासी सुमित कुमार ने आदर्श नगर निवासी जोगेंद्र उर्फ टीटू, उसके पुत्र व भतीजे सहित कुछ अन्य लोगों पर पिस्तौल दिखाकर मारपीट कर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। इतना ही नहीं सुमित के मुताबिक आरोपियों ने उसके वर्कशाॅप में काम करने वाले कर्मचारियों के साथ भी मारपीट की।
पुलिस ने झज्जर थाने में एफआईआर दर्ज कर ली है। शिकायतकर्ता के मुताबिक उसकी चौधरी एग्रो के नाम से बाइपास के पास मशीन रिपेयरिंग वकर्शाप है। 27 मार्च को मोबाइल पर जोगेंद्र उर्फ टीटू ने उसे जान से मारने की धमकी दी। उसने 10 मिनट में वर्कशाॅप पर आकर मारने की बात कही।
इसके बाद आरोपी तीन गाड़ियों में पांच- छह लड़के लेकर आया और वर्कशाॅप के कर्मचारियों से मारपीट कर भाग गया। उसे घटना की जानकारी कर्मचारियों ने दी। इसके बाद आरोपी से फिर धमकी दी। कुछ दिन बाद आरोपी अपने पुत्र ईशु, भतीजे जतिन सहित 15-16 लड़के लेकर आए। इन सभी ने धारदार हथियार से हमला कर दिया।
इतना ही नहीं जोगेंद्र ने पिस्तौल दिखाकर जान से मारने की धमकी दी। जब वह सभी भागने लगे तो वर्कशॉप के कर्मचारियों ने उनकी गाड़ियों के शीशे तोड़ दिए और एक कर्मचारी ने बचाव में हवाई फायर किया। यह सारी घटना उसके सीसीटीवी में रिकॉर्ड हो गई है।