-फोटो 54 : रेलवे रोड पर बनी जाम की स्थिति। संवाद
बहादुरगढ़। शहरवासियों को रेलवे रोड पर वाहन लेकर चलना तो दूर पैदल चलना भी मुश्किल हो रहा है। दरअसल, सड़क के आधे से अधिक हिस्से पर दुकानदारों व रेहड़ी वालों ने अतिक्रमण किया हुआ है।
रही-सही कसर बाजार में वाहनों के जरिये खरीदारी के लिए आने वाले लोग पूरी कर देते हैं। ऐसे में लोगों को पैदल चलने के लिए भी जगह नहीं मिल पाती। इस ओर न तो नगर परिषद और न ही ट्रैफिक पुलिस कोई ध्यान दे रही है। वैसे तो रोहतक रोड के मुहाने से रेलवे स्टेशन की दूरी मात्र दो से तीन मिनट की है, लेकिन अतिक्रमण से होने वाले जाम की वजह से इसे तय करने में आधा घंटा लग रहा है।
शहरवासी अमित खत्री, मुकेश बंसल, नसीब कुमार, चिंटू खुराना, कृष्ण कुमार, आशीष सिंघल ने कहा कि अतिक्रमण के चलते रेलवे रोड के हालात दिनों दिन खराब हो रहे हैं। पहले तो दुकानदार सामान को 10 फीट बाहर निकालकर रख देते हैं। इसके बाद रेहड़ी संचालक सड़क के बीच तक आ जाते हैं।
कुछ जगह बचती है तो उस पर खरीदारी के लिए आने वाले लोग अपने वाहन खड़ा कर देते हैं। ऐसे में काफी देर तक जाम लगा रहता है। नगर परिषद और ट्रैफिक पुलिस को आमजन की इस समस्या की तरफ विशेष ध्यान देना चाहिए। रोहतक रोड से रेलवे रोड के मुहाने पर ऑटो और ई-रिक्शा का जमावड़ा लगा रहता है। इससे आगे बढ़ते हैं तो विश्वकर्मा चौक पर सुबह, दोपहर और शाम के समय जाम की स्थिति बनी रहती है। इस पूरे मार्ग से गुजरने वाले लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।