फोटो-53: बहादुरगढ़ के सेक्टर 9 बाईपास की जमीन पर कराया जा रहा निर्माण कार्य। स्रोत नगर परिषद
बहादुरगढ़। सेक्टर-9 बाईपास के पास नगर परिषद की जमीन पर चहारदीवारी निर्माण का कार्य एक बार फिर शुरू कर दिया गया है। किसी भी संभावित विवाद को देखते हुए मौके पर पुलिस बल भी तैनात किया गया है।
गौरतलब है कि सात अप्रैल को किसानों के विरोध के चलते यह काम रोकना पड़ा था। उस दौरान ठेकेदार द्वारा आरसीसी दीवार निर्माण शुरू करते ही बड़ी संख्या में किसान मौके पर पहुंच गए थे और कार्य बंद करवा दिया था। किसानों ने ट्रैक्टर चलाकर जमीन पर कब्जा भी जताया था। किसानों का यह भी कहना था कि मामला अदालत में विचाराधीन है। ऐसे में बिना कानूनी प्रक्रिया पूरी किए निर्माण कार्य शुरू करना गलत है।
दरअसल करीब साढ़े छह एकड़ जमीन पर नगर परिषद ने कुछ माह पहले कब्जा लिया था। उस समय यहां खड़ी फसल को हटाकर जमीन को अपने अधिकार में लिया गया था। इसके बाद परिषद ने लगभग 54 लाख रुपये की लागत से चहारदीवारी निर्माण की योजना बनाई थी। वीरवार को दोबारा निर्माण कार्य शुरू होने पर प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। अधिकारियों की मौजूदगी में पैमाइश के आधार पर प्रीकास्ट दीवार लगाने का काम जारी है। मौके पर पुलिस बल की तैनाती से स्थिति नियंत्रण में बनी हुई है और किसी प्रकार के टकराव की स्थिति नहीं बनी।
नगर परिषद के चेयरपर्सन सरोज राठी ने बताया कि नियमानुसार कार्रवाई करते हुए चहारदीवारी का निर्माण कराया जा रहा है।