बहादुरगढ़। कान में ईयरफोन लगाकर रेलवे ट्रैक पार कर रहे एक युवक की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। यह घटना दिल्ली-रोहतक रूट पर छोटूराम नगर रेलवे फाटक के पास हुई। अभी शव की शिनाख्त नहीं हो सकी है।
सूचना पर जीआरपी पुलिस मौके पर पहुंची और शव की शिनाख्त के प्रयास किए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम और पहचान के लिए 72 घंटे के लिए नागरिक अस्पताल के शवगृह में रखवाया है। हादसा मंगलवार की सुबह हुआ।
शहर के छोटूराम नगर के पास मंगलवार को ट्रेन की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। जांच अधिकारी राकेश कुमार ने बताया कि मंगलवार की सुबह जीआरपी थाने में सूचना मिली कि छोटूराम नगर फाटक के पास एक युवक का शव पड़ा है। सूचना मिलते ही वह मौके पर पहुंचे और आसपास एरिया में शव की शिनाख्त के प्रयास शुरू कराए, हालांकि काफी प्रयास के बाद भी शिनाख्त नहीं हो पाई।
मृतक के पास से भी ऐसा कोई दस्तावेज नहीं मिला है, जिससे उसकी शिनाख्त संभव हो सके। जांच अधिकारी ने बताया कि मृतक के शरीर पर काले रंग की टी-शर्ट व नीले रंग की जींस है।
राकेश कुमार ने बताया कि मृतक के कानों में ईयरफोन लगा हुआ था। एक मोबाइल भी मिला है। हालांकि उसमें सिम नहीं है। आशंका है कि युवक कानों में ईयरफोन लगाकर गाने सुनते हुए जा रहा होगा, तभी संगीत के शोर में उसे ट्रेन की आवाज सुनाई नहीं होगी। इस कारण वह हादसे का शिकार हो गया।
इस तरह की घटनाएं इससे पहले भी हो चुकी हैं। पुलिस आसपास एरिया में लोगों को जागरूक भी करती है, मगर घटनाएं रुकने का नाम नहीं ले रही हैं। लोगों से अपील है कि रेलवे ट्रैक पार करते समय नियमों का पालन करें।