बहादुरगढ़। नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति की अनुपालना में शिक्षा विभाग द्वारा निपुण हरियाणा मिशन के तहत बहादुरगढ़ खंड के 271 प्राथमिक शिक्षकों के लिए रेलवे रोड स्थित राजकीय मॉडल संस्कृति स्कूल में तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। इस दौरान खंड शिक्षा अधिकारी निर्मल शर्मा और नोडल अधिकारी डॉ. सुदर्शन पूनिया ने भी शिक्षकों को नई शिक्षा नीति के बारे में अवगत कराया।
जिला शिक्षा अधिकारी बीपी राणा, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी दलजीत सिंह, खंड शिक्षा अधिकारी निर्मल शर्मा और जिला नोडल अधिकारी डॉ. सुदर्शन पूनिया ने शिविर का शुभारंभ किया। जिला शिक्षा अधिकारी राणा ने शिविर में प्राथमिक शिक्षकों को संबोधित करते हुए कहा कि नई शिक्षा नीति से प्राथमिक स्कूलों के अध्यापकों को अवगत कराने के उद्देश्य से प्रशिक्षण दिया जा रहा है, ताकि अप्रैल 2022 से आरंभ होने वाले शैक्षणिक वर्ष में बच्चों की शैक्षिक व अंकीय क्षमताओं में वर्धन किया जा सके। जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी दलजीत सिंह ने शिक्षकों से आह्वान करते हुए कहा कि वे जो प्रशिक्षण शिविर के दौरान सीखें स्कूलों में जाकर बच्चों को इससे अवगत कराएं। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्वक शिक्षा प्रदान करके छात्रों को ज्ञान, कौशल और मूल्यों के साथ सशक्त बनाने के उद्देश्य से प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इस अवसर पर एबीआरसी. गीता देवी, कविता सहरावत, प्रवक्ता कप्तान सिंह, शिक्षाविद सतीश शर्मा, प्रवक्ता सुमित्रा, प्रवक्ता चांदीराम, अजय छिकारा सहित अन्य अध्यापक मौजूद रहे। भाग लेते अध्यापक।