झज्जर। समाज कल्याण विभाग की तरफ से जिले के 685 लोगों की बुढ़ापा पेंशन रोक दी गई है। परिवार पहचान पत्र में इन लोगों की जन्मतिथि का सत्यापन नहीं होने के कारण बुढ़ापा पेंशन को रोका गया है। खास बात है कि जांच में 63 लोग ऐसे मिले हैं, जिनकी उम्र कागजों में अब तक 60 साल भी नहीं हुई है और वह बुढ़ापा पेंशन ले रहे थे।
अब इन सभी लोगों को अपनी आयु का प्रमाण पत्र परिवार पहचान पत्र के जरिये ऑनलाइन करना होगा। इसके बाद ही इनको बुढ़ापा पेंशन मिल पाएगी। यदि यह लोग ऐसा नहीं कर पाएंगे तो इनकी बुढ़ापा पेंशन कट जाएगी। साथ ही इनको ब्याज सहित राशि भी लौटानी पड़ सकती है।
इसके लिए इन 63 लोगों को अपना जन्म प्रमाण पत्र, मार्कशीट, पुराना वोटर आईडी कार्ड, दाखिला पत्र ऑनलाइन करवाना होगा। परिवार पहचान पत्र में इनमें से किसी भी कागजात से जन्मतिथि सत्यापित होने के बाद ही बुढ़ापा पेंशन जारी रहेगी अन्यथा कट जाएगी।
समाज कल्याण विभाग की तरफ से पेंशन रोके जाने के बाद पात्रों में हड़कंप मचा हुआ है। यह पेंशन उस समय की बनी हुई है, जब उसको परिवार पहचान पत्र से नहीं जोड़ा गया था और विभाग के ही पोर्टल के जरिये ऑनलाइन पेंशन के लिए आवेदन करने पड़ते थे।
जिन 685 लोगों की पेंशन रोकी गई है, उन सभी को अब परिवार पहचान पत्र में अपनी जन्मतिथि को सत्यापित करना होगा, क्योंकि अधिकतर ऐसे ही लोग सामने आए हैं, जिनकी जन्मतिथि सत्यापित नहीं है।
यह भी रहे पेंशन रुकने के कारण
इसके अलावा विभाग की जांच में सामने आया है कि 162 लोग ऐसे हैं, जिनकी आधार नंबर में नाम ही गलत हैं। अब उन सभी को आधार में नाम ठीक करवाने होंगे। इसी प्रकार से 164 लोगों की आयु सत्यापित नहीं है। साथ ही 296 लोग ऐसे हैं, जिनकी आयु आधार कार्ड से सत्यापित हुई है। अब उनको उसे परिवार पहचान पत्र से सत्यापित करवानी होगी। इसके लिए आनलाइन आवेदन करना होगा।
विभाग की तरफ से जिले के 685 लोगों की बुढ़ापा पेंशन रोकी गई है। इन सभी लोगों को फोन करके पेंशन रुकने का कारण व कागजात लाने के लिए कहा जा रहा है। कागजात चेक करने के बाद उनको आनलाइन करवाया जाएगा ताकि पेंशन जारी हो सके।
- धर्मबीर सिंह, लेखाकार, जिला समाज कल्याण विभाग