बेरी। छुछकवास चौकी के नजदीक वीरवार देर शाम को प्लसर बाइक सवार युवकों ने एक मिष्ठान भंडार के पिछले गेट से एंट्री करते हुए दो फायर किए। इसमें एक गोली दुकान में रखे फ्रिज पर लगी, वहीं दूसरी दुकान में काम करने वाले युवक के पैर में लगी। सूचना मिलने के बाद छुछकवास चौकी प्रभारी मौके पर पहुंचे और घटनाक्रम की जानकारी जुटाई।
जानकारी के अनुसार छुछकवास चौकी के नजदीक गांव छुछकवास निवासी जयकिशन की बीकानेर मिष्ठान भंडार के नाम से दुकान हैै। वीरवार देर शाम को बाइक पर सवार तीन नकाबपोश युवक के दुकान के पिछले गेट पर आकर रुके। इसमें दो नकाबपोश युवक दुकान के अंदर घुसे। एक युवक दुकान मालिक को जान से मारने की नीयत से गोली चलाई, जोकि गोली दुकान में रखे फ्रिज पर लगी। इस दौरान युवक से हथियार जमीन पर गिर गया। उसके बाद दूसरे युवक ने अपने हथियार से गोली चलाई, जोकि दुकान में काम करने वाले युवक के पैर में लगी। इसके बाद तीनों युवक बाइक पर सवार होकर मौके से फरार हो गए। घटनाक्रम दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गया।
घटना के बाद मौके पर पहुंचे एएसपी विक्रांत भूषण, बेरी थाना प्रभारी मनोज कुमार मौके पर पहुंचे। उन्होंने दुकान में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाली और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। दुकान मालिक ने काउंटर के साइड में छिपकर जान बचाई। दुकान मालिक जयकिशन ने बताया कि दुकान में घुसने के बाद युवकों ने उसके ऊपर फायर किया। जोकि दुकान में रखे फ्रिज पर लगा, बाद में दूसरा फायर दुकान में काम करने वाले युवक लालू के पैर में लगा, जिससे वह घायल हो गया। घायल अवस्था में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
छुछकवास में मिष्ठान भंडार पर बाइक सवार युवकों द्वारा गोली चलने की सूचना मिली थी। इसमें दुकान पर काम करने वाले एक युवक को गोली लगी है। घटनाक्रम सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। इसमें बाइक पर सवार युवक गोली चलाने के बाद मौके से फरार हो गए। मामले की जांच की जा रही है। गोली चलाने वाले कौन थे, किसी बात को लेकर उन्होंने दुकान में गोली चलाई।
- विक्रांत भूषण, एएसपी, बेरी।