झज्जर। काॅमर्शियल गैस सिलिंडर नहीं मिलने से सिलानी गेट पर स्थित रेस्तरां संचालक ने खाना उधार ले जाने वालों के लिए पूरी दुकान में नोटिस चस्पा दिए हैं। लिखा है कि गैस सिलिंडर नहीं मिलने से खाना कम बन रहा हैं, इसलिए उधार और फ्री का खाना लेने वाले दस दिन के बाद आएं। खाद्य सामग्री के रेट भी बढ़ा दिए हैं।
हरिपुरा मोहल्ला निवासी सुमित रहेजा ने बताया कि पिछले एक सप्ताह से कॉमर्शियल गैस सिलिंडर नहीं मिल रहे हैं। उनके नोटिस की शहर में हर जगह चर्चा हो रही है। दुकानदार ने कहा कि गैस की किल्लत चल रही है। ऊपर से उधार और फ्री का सामान लेने वाले कई लोग आ जाते हैं।
उन्होंने बताया कि कोम्बो थाली जो पहले 100 रुपये की थी, अब 150 रुपये की कर दी है। इसके अलावा मैन्यू के हिसाब से फुल या हाफ प्लेट सामग्री ही दी जाएगी। अलग-अलग जगहों पर मिलने वाले समोसे और कचौरी के दाम भी बढ़ा दिए गए हैं।
जो समोसा पहले 15 रुपये का आता था, वह अब 20 रुपये का दिया गया है। इसके अलावा कचौरी सादी पहले 15 रुपये में आती थी, उसे भी 20 रुपये कर दिया गया है। कढ़ी कचौरी पहले 20 रुपये की थी, उसे अब 25 रुपये कर दिया गया है।