झज्जर। साइबर सेल की टीम ने पिछले एक माह में करीब 6 लाख 25 हजार रुपये के 31 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बरामद मोबाइलों में कई महंगे और आधुनिक स्मार्टफोन शामिल हैं जो अलग-अलग स्थानों से गुम हुए थे।
सभी मोबाइल उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिए गए। पुलिस कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में जब लोगों को उनके फोन लौटाए गए तो उनके चेहरों पर खुशी दिखाई दी।
विज्ञापन
मोबाइल प्राप्त करने वालों में सीमा ने बताया कि उनका फोन बाजार में गुम हो गया था और उन्हें इसके मिलने की उम्मीद नहीं थी। नरेंद्र ने बताया कि उनका मोबाइल वर्ष 2023 में जेब से गिर गया था जिसे अब वापस पाकर उन्हें काफी राहत मिली।
वहीं सिक्योरिटी गार्ड मनोज भी मोबाइल पाकर भावुक हो गए। उन्होंने बताया कि उनके फोन में उनके दिवंगत पिता की तस्वीरें और यादें सुरक्षित थीं। फोन मिलने पर उन्होंने इसे अपनी अनमोल यादों की वापसी बताया। झज्जर साइबर सेल की यह उपलब्धि केवल एक महीने तक सीमित नहीं है।