-फोटो 59 : सिद्दीपुर लोवा गांव में चल रही एल्युमीनियम पिघलाने वाली अवैध भट्ठी। स्रोत बोर्ड
बहादुरगढ़। क्षेत्र में प्रदूषण का स्तर लगातार लाल श्रेणी में बना हुआ है। ऐसे में हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने बुधवार को क्षेत्र के सिद्दीपुर लोवा गांव में कार्रवाई करते हुए एल्युमीनियम वेस्ट गलाने वाली चार अवैध भट्ठी पकड़ी और मौके पर ही तोड़ दी। टीम ने कहा कि नियम तोड़ने वालों पर सख्ती जारी रहेगी।
प्रदूषण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी आशीष कौशिक ने प्रदूषण फैलाने वाली इकाइयों पर बड़ी कार्रवाई की है। उनका दावा है कि इस तरह अवैध यूनिट्स पर कार्रवाई भविष्य में भी जारी रहेगी। नया चार्ज संभालने के बाद उन्होंने अवैध भट्ठी संचालकों को कहा है कि प्रदूषण फैलाने वाली किसी भी इकाई को नहीं चलने दिया जाएगा।
आशीष कौशिक ने बताया कि बोर्ड अधिकारियों को शिकायत मिली कि सिद्दीपुर लोवा गांव में अवैध तरीके से एल्युमीनियम स्क्रेप पिघलाने की इकाईयां चल रही हैं। यह यूनिट न तो पंजीकृत थी और न ही प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड से किसी प्रकार की अनुमति ली गई थी।
टीम को एल्युमीनियम वेस्ट पिघलाते मिले
सूचना के आधार पर सहायक पर्यावरण अभियंता अजय बूरा अपनी टीम के साथ बुधवार शाम मौके पर पहुंचे। निरीक्षण में चारों यूनिट में अवैध रूप से एल्युमीनियम वेस्ट पिघलाने का काम जारी मिला। भट्ठी से उठ रहा काला धुआं हवा को बुरी तरह प्रदूषित कर रहा था। टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए चारों भट्ठी को मौके पर ही तोड़ दिया और संचालन पूरी तरह बंद करवाया।
बहादुरगढ़ और आसपास के क्षेत्रों में अवैध रूप से चल रही यूनिटों के खिलाफ लगातार अभियान जारी है। अब तक प्रदूषण फैलाने वाली काफी संख्या में अवैध यूनिट बोर्ड की ओर से बंद की जा चुकी हैं। कई को नोटिस जारी किए गए। किसी भी कीमत पर प्रदूषण फैलाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। बुधवार को भी चार अवैध भट्ठियां पकड़ीं और उनको तोड़ दिया गया। आम लोगों से अपील है कि यदि उनके क्षेत्र में कोई अवैध फैक्टरी, स्क्रेप भट्ठी या प्रदूषण फैलाने वाली गतिविधि चल रही हैं तो इसकी जानकारी तुरंत बोर्ड कार्यालय को दें। बहादुरगढ़ में इन दिनों वायु गुणवत्ता सूचकांक अधिकांश समय खतरनाक श्रेणी में बना रहता है। हवा में जहरीले कणों का स्तर बढ़ने से मास्क के बिना बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। ऐसे में अवैध रूप से चलने वाली भट्ठी प्रदूषण को कई गुना बढ़ा रही हैं।
- आशीष कौशिक, क्षेत्रीय अधिकारी, हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, बहादुरगढ़।