पत्रकारों को संबोधित करते उपायुक्त जितेंद्र कुमार।
- फोटो : Jhjhar
किसी भी राज्य से जिले में आने वाले हर व्यक्ति को 14 दिन के लिए होम क्वारंटीन किया जाएगा। कोरोना वायरस संक्रमण के चक्र को तोड़ने के लिए झज्जर जिला प्रशासन की ओर से यह निर्णय लिया गया है। यह बात उपायुक्त जितेंद्र कुमार ने बुधवार को लघु सचिवालय कांफ्रेंस हाल में पत्रकार वार्ता में कही।
उपायुक्त ने पत्रकारों से रूबरू होते हुए कहा कि कोरोना वायरस से बचाव की दिशा में प्रशासनिक स्तर पर ठोस कदम उठाए जा रहे हैं। लॉकडाउन के दौरान लोगों को घरों में रहने के लिए प्रेरित किया जा रहा है ताकि डिस्टेंस मेंनटेन रखते हुए कोरोना वायरस से बचा जा सके। उन्होंने बताया कि इस वैश्विक महामारी में सावधानी बेहद जरूरी है, ऐसे में जिले से बाहर किसी भी राज्य से कोई भी व्यक्ति आता है तो उसकी सूचना आमजन प्रशासन के हेल्प लाइन नंबर 01251-253118 व 1950 पर दें। प्रशासन की ओर से तुरंत प्रभाव से संज्ञान लेते हुए उक्त व्यक्ति अथवा परिवार को 14 दिन के लिए होम क्वारंटीन किया जाएगा और उसके स्वास्थ्य की नियमित तौर पर जांच की जाएगी।
फसल कटाई में उपयोगी वाहनों के संचालन में छूट
उपायुक्त ने कहा कि फसल कटाई का सीजन अब शुरू होने जा रहा है। ऐसे में फसलों की कटाई के दौरान उपयोगी वाहनों के संचालन में लॉकडाउन के दौरान छूट रहेगी। साथ ही कृषि उपकरणों से जुड़ी दुकानें अथवा वर्कशाप भी खोले जा सकते हैं। उन्होंने कहा कि किसानों को किसी प्रकार से भी फसल कटाई में परेशानी न हो इसके लिए संबंधित अधिकारियों को भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं।
मालवाहक वाहनों से होगी आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति
उपायुक्त ने कहा कि झज्जर जिला में लॉकडाउन में आवश्यक वस्तुओं की बिक्री किराने का सामान अथवा फल-सब्जियां की बिक्री करने का समय निर्धारित किया गया है, जबकि केमिस्ट शॉप निरंतर खुली रहेंगी। ऐसे में लोगों से अपील है कि वे परिवार का एक ही सदस्य घर से केवल आवश्यक वस्तुओं की खरीद के लिए ही बाहर निकलें। उन्होंने बताया कि आवश्यक वस्तुओं की किसी भी रूप से कमी नहीं रहने दी जा रही है। इसी के चलते जिले में माल वाहक वाहनों के आवागमन में छूट देते हुए आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति की जा रही है। उपायुक्त ने कोरोना वायरस से बचाव को लेकर किए जा रहे प्रबंधों सहित लॉकडाउन में प्रशासनिक स्तर पर की जा रही तैयारियों की भी समीक्षा की। इस दौरान डीआईपीआरओ दिनेश कुमार मौजूद रहे।