गिरफ्त में आया मोस्ट वांटेड 50000 का इनामी बदमाश सीआईए बहादुरगढ़ की टीम के साथ।
- फोटो : Bahadurgarh
बहादुरगढ़। अक्तूबर 2020 में पंजाब नेशनल बैंक माछरोली में हुई लूटपाट की वारदात के आरोपी 50 हजार रुपये के इनामी अति वांछित बदमाश गांव छपार के निवासी रोहित को पुलिस ने काबू कर लिया है। सीआईए द्वारा पकड़े गए आरोपी के कब्जे से अवैध हथियार भी बरामद किया गया है।
रविवार को सीआईए प्रथम बहादुरगढ़ में आयोजित प्रेस वार्ता में सीआईए प्रथम बहादुरगढ़ के प्रभारी निरीक्षक रविंद्र कुमार ने अति वांछित आरोपी रोहित के पकड़े जाने की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि उप निरीक्षक राजेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने रोहित को थाना लाइनपार बहादुरगढ़ के एरिया में पकड़ा। तलाशी ली गई तो उसके कब्जे से एक देसी पिस्तौल व दो कारतूस बरामद हुए। वह 21 अक्तूबर 2020 को पीएनबी माछरोली में हुए लूटपाट के मामले में झज्जर पुलिस का मोस्ट वांटेड आरोपी था। शनिवार को गिरफ्तारी के बाद रोहित के खिलाफ थाना लाइनपार बहादुरगढ़ में शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया।
रोहित 13 अक्तूबर 2020 को बाल सुधार गृह हिसार से फरार तीनों नाबालिग आरोपियों को अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर एक सेंट्रो गाड़ी में बैठाकर हिसार से लाया था। सभी रोहित के घर पहुंचे। यहां सभी ने पैसों की तंगी व जरूरत को देखते हुए बैंक लूटने की योजना बनाई थी। योजना के अनुसार बैंक में लूटपाट की गई। गार्ड के साथ मारपीट करके उसकी गन को छीन लिया और बैंक में फायर करते हुए करके सात लाख रुपये से अधिक की नगद राशि छीनकर फरार हो गए थे। लूटी गई राशि को आपस में बांट लिया। जिसमें चार लाख रुपये अकेले रोहित को और बाकी राशि अन्य आरोपियों ने बांट ली। नकदी का बंटवारा करने के बाद सभी आरोपी अलग-अलग हो गए थे।
आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर जुलाई 2018 में व अगस्त 2018 में साल्हावास के पास और अगस्त 2018 में ही झज्जर के पास लूटपाट की वारदात की थीं। रविंद्र कुमार ने कहा कि बैंक लूट के अन्य आरोपियों को भी जल्द ही पकड़ लिया जाएगा।