फोटो-60: बहादुरगढ़ के रेलवे रोड पर कोहरे के बीच स्कूल बस में सवार होते बच्चे। संवाद
बहादुरगढ़। मंगलवार सुबह घना कोहरा छाने से जनजीवन प्रभावित रहा। कोहरे के कारण दृश्यता घटकर करीब 50 मीटर रही जिससे वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। कई स्थानों पर लोग देर से अपने गंतव्य तक पहुंचे। हाईवे और मुख्य सड़कों पर कोहरे के कारण सतर्कता बरतनी पड़ी।
कोहरे के साथ करीब 6 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली शीतलहर ने लोगों को ठिठुरने पर मजबूर कर दिया। सुबह-सवेरे टहलने निकलने वाले लोगों को भी कोहरे और ठंड के कारण परेशानी हुई। कई लोग ठंड से बचने के लिए अलाव जलाते नजर आए। बच्चे कोहरे में स्कूल जाते दिखे।
उपमंडल कृषि अधिकारी डॉ. सुनील कौशिक ने बताया कि घना कोहरा फसलों के लिए कुछ हद तक लाभकारी है लेकिन लगातार कोहरा रहने से गेहूं की फसल में रोग लगने की आशंका भी बनी रहती है।
फोटो-60: बहादुरगढ़ के रेलवे रोड पर कोहरे के बीच स्कूल बस में सवार होते बच्चे। संवाद