झज्जर। जिले में कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा जहां तेजी से बढ़ रहा है, वहीं मौत के आंकड़ों में भी निरंतर तेजी आती जा रही है। मंगलवार को 10 लोगों की मौत स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार हुई है। इसके साथ ही मृतकों का आंकड़ा बढ़कर 180 पहुंच गया है। हालांकि फिलहाल अस्पतालों में भर्ती मरीजों की संख्या घटने लगी है। फिलहाल 465 मरीज कोरोना संक्रमित अस्पतालों में भर्ती हैं। इनमें से अकेले जिले के 135 मरीज शामिल हैं। वहीं खांसी, जुकाम, बुखार के मरीजों की संख्या में भी काफी कमी आई है। जिले के सरकारी अस्पतालों में एक सप्ताह पहले जहां लोगों को जमीन पर लेट कर भी ऑक्सीजन लेनी पड़ रही थी, लेकिन अब अस्पताल के बेड भी खाली दिखाई दे रहे हैं। जबकि संक्रमितों को होम आइसोलेशन में अधिक रखा जा रहा है। जिले में फिलहाल 1514 सक्रिय मरीज हैं। इनमें से 1379 को होम आइसोलेशन में रखते हुए स्वास्थ्य विभाग की तरफ से इलाज दिया जा रहा है। सोमवार को जहां कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा घटकर 288 पहुंचा था, लेकिन मंगलवार को एक बार फिर से इनका आंकड़ा 452 पहुंच गया है। जिले में फिलहाल तक 16015 कोरोना संक्रमित मरीज मिले हैं, जबकि 14321 को छुट्टी मिल चुकी है।
अप्रैल व मई में तेजी से बढ़ा कोरोना
कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर के दौरान संक्रमण तेजी से फैला है। चाहे व ग्रामीण क्षेत्र हो या शहरी। जिले में अप्रैल से आज तक करीब 8500 संक्रमित लोग मिले हैं। इनमें से 5000 से अधिक ग्रामीण क्षेत्र के संक्रमित मरीज शामिल हैं। स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार जिले के अस्पतालों में 465 मरीज भर्ती हैं। इनमें से ग्रामीण क्षेत्र के 243 व शहरी क्षेत्र के 175 कोरोना संक्रमित शामिल हैं, जबकि 47 मरीज प्रदेश के बाहर के झज्जर के अस्पतालों में भर्ती किए गए हैं।
370 ने मांगी ऑक्सीजन
जिले के होम आइसोलेशन में इलाज ले रहे लोगों को विभाग की तरफ से घर पर ऑक्सीजन उपलब्ध कराई जा रही है। मंगलवार को 370 लोगों ने विभाग से ऑक्सीजन सिलेंडर मांगे थे। इनमें से 161 लोगों के आवेदन रद्द कर दिए गए हैं, जबकि 204 लोगों को ऑक्सीजन सिलिंडर विभाग की तरफ से मुहैया कराए गए हैं। फिलहाल 2 लोग ऑक्सीजन के इंतजार में हैं। वही रेमडेसिविर इंजेक्शन की उपलब्धता को देखा जाए तो मंगलवार को 321 इंजेक्शन बचे थे। इनमें से 48 लोगों को इंजेक्शन मुहैया करवाए गए हैं। फिलहाल 273 इंजेक्शन बचे हुए हैं । वहीं टीकाकरण अभियान के तहत 184523 लोगों को कोरोना से बचाव के लिए टीके लगाए जा चुके हैं।
18 दिनों में मिले कोरोना संक्रमित
तिथि संक्रमित
1 मई 263
2 मई 265
3 मई 290
4 मई 451
5 मई 315
6 मई 404
7 मई 326
8 मई 368
9 मई 321
10 मई 281
11 मई 409
12 मई 181
13 मई 418
14 मई 258
15 मई 502
16 मई 425
17 मई 288
18 मई 452
कोविड हेल्पलाइन
जिला मुख्यालय पर स्वास्थ्य विभाग की मेडिकल सेवा के लिए कंट्रोल रूम सिविल सर्जन कार्यालय परिसर सेक्टर 6 में बनाया गया और हेल्पलाइन नंबर 01251-297193 व 297393 के अलावा 01251-297193, 01251-297393, 01251-297416, 01251-397417, 01251-297418 और 01251-297419 जारी किए गए हैं। साथ ही सरकार की ओर से दिए गए हेल्पलाइन नंबर 1075 पर संपर्क कर कोरोना से बचाव संबंधित जानकारी व स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाने के बारे में चिकित्सीय जानकारी 24 घंटे सातों दिन प्रभावी रूप से दी जा रही है।
वर्जन
स्वास्थ्य विभाग की तरफ से संक्रमण को लेकर गांवों में सर्वे का कार्य निरंतर रूप से किया जा रहा है। लोगों की जांच के साथ उन्हें जागरूक भी किया जा रहा है। अनेक गांवों में आइसोलेशन केंद्र स्थापित किए जा रहे हैं। कोरोना संक्रमित पाए जाने वाले मरीजों को होम आइसोलेशन में किट उपलब्ध करवा कर उनकी जांच की जा रही है।
- डॉ. संजय दहिया, सिविल सर्जन, झज्जर