बहादुरगढ़। हरियाणा संयुक्त कर्मचारी मंच से संबंधित हुड्डा जन स्वास्थ्य कर्मचारी यूनियन के कर्मचारियों का एचएसवीपी कार्यालय सेक्टर-9 बहादुरगढ़ पर चल रहा धरना रविवार को तीसरे दिन समाप्त हो गया। यूनियन ने सभी प्रमुख मांगें पूरी होने का दावा करते हुए धरना समाप्त करने की घोषणा की।
विज्ञापन
यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष आरके नागर ने बताया कि 7 फरवरी की रात करीब 10 बजे तक कार्यालय खुला रखकर कच्चे कर्मचारियों के नाम पोर्टल पर भेजने की प्रक्रिया पूरी करवाई गई। 32 कर्मचारियों के नाम पोर्टल पर चढ़ाने के लिए मुख्य प्रशासक एचएसवीपी पंचकूला को पत्र भेज दिया गया है।
अब शेष प्रक्रिया मुख्यालय स्तर पर 20 फरवरी तक पूरी की जानी है। प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि ठेकेदारों की मनमानी पर रोक लगाने के लिए एसडीओ द्वारा सभी ठेकेदारों को पत्र जारी कर निर्देश दिए गए हैं कि कार्यालय की अनुमति के बिना किसी कर्मचारी को न हटाया जाए और न ही बदली की जाए।
विज्ञापन
इससे कर्मचारियों को राहत मिली है। हालांकि, एक ठेकेदार द्वारा कर्मचारियों को धमकी देने का ऑडियो सामने आने के बाद उस पर सख्त कार्रवाई की मांग की गई है। यूनियन ने स्पष्ट किया कि 12 फरवरी की देशव्यापी हड़ताल में यूनियन भाग नहीं लेगी, केवल बाहरी समर्थन रहेगा।
धरने की अध्यक्षता जिला प्रधान व राज्य उपाध्यक्ष रमन जून ने की जबकि सभा का संचालन जिला सचिव व राज्य प्रेस सचिव रमेश कुमार विधलान ने किया। मौके पर कार्यकारी अभियंता अमित राठी, एसडीओ कृष्ण मालिक, मदन मोहन नागर, शुभम सोलंकी, अजीत सिंह, सनी कुमार आदि शामिल रहे।