झज्जर। तमिलनाडु की राजनीति और डीएमके नेताओं द्वारा कांग्रेस पर गठबंधन धर्म नहीं निभाने के आरोपों को लेकर विधायक गीता भुक्कल ने कहा कि कांग्रेस हमेशा गठबंधन धर्म निभाती रही है। तमिलनाडु में कांग्रेस सहयोगी पार्टी रही लेकिन सत्ता में उसे हिस्सेदारी नहीं मिली और न ही कोई मंत्री या चेयरमैन पद दिया गया। इसके बावजूद कांग्रेस ने गठबंधन को मजबूत बनाए रखा। हड़ताल पर चल रहे सफाई कर्मचारियों से मिलने पहुंची पूर्व शिक्षा मंत्री व झज्जर से कांग्रेस विधायक गीता भुक्कल ने कहा कि हाल ही में हुए चुनाव में विजय की पार्टी सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है और उन्होंने कांग्रेस से समर्थन मांगा था इसके बाद पार्टी नेतृत्व ने सोच-समझकर समर्थन देने का फैसला लिया।
राहुल गांधी को लेकर विधानसभा में निंदा प्रस्ताव लाने संबंधी अनिल विज के बयान पर उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री भी कई बार ऐसी भाषा का प्रयोग करते हैं जिन पर निंदा प्रस्ताव आना चाहिए। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी देश के पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के बेटे हैं जिनके परिवार ने देश के लिए शहादत दी है।
कांग्रेस को देशभक्ति का प्रमाणपत्र भाजपा नेताओं से लेने की जरूरत नहीं है। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि हरियाणा में जनादेश कांग्रेस के पक्ष में था लेकिन लोकतांत्रिक मूल्यों की अनदेखी कर सरकार बनाई गई।