-फोटो 55 : झज्जर मोड़ पर लगे संकेतक बोर्ड का जर्जर हो चुका लोहे का पोल। संवाद
बहादुरगढ़। पीडब्ल्यूडी विभाग के कार्यालय से मात्र 100 मीटर दूरी पर ही संकेतक बोर्ड लगा है जिसके दोनों पोल जर्जर अवस्था में हैं। दुकानदार विकास शर्मा, सुमेर सिंह, राकेश वर्मा ने कहा कि प्रशासन और सरकार हादसा होने के बाद जागती है।
यदि समय रहते व्यवस्थाओं को दुरुस्त किया जाए तो कोई भी इनका शिकार नहीं होगा। शहर में विभिन्न स्थानों पर लगे संकेतक बोर्ड के पोल जंग खाए हुए हैं। ये कभी भी गिर सकते हैं। क्षेत्र में सड़कों पर विभिन्न स्थानों पर लगे संकेतक बोर्ड के पोल जंग खाए हुए हैं।
बास्केटबॉल पोल गिरने से दो खिलाडि़यों की मौत के बाद भी इन्हें दुरुस्त करने का कोई एक्शन नहीं लिया गया है।
झज्जर रोड के मोड़ पर झज्जर, बादली और चरखी दादरी का संकेतक बोर्ड लगा है। इसके दोनों ओर लोहे के पोल पूरी तरह गल चुके हैं। इस बोर्ड के आसपास न केवल दिन में बल्कि रात के समय भी आमजन खड़े होकर बसों व प्राइवेट वाहनों का इंतजार करते हैं। खाने-पीने के सामान की दुकानें लगाने वाले भी दिनभर जमा रहते हैं।
वर्जन
संकेतक बोर्डों के पोलों की जांच के लिए टीम निरीक्षण कर रही है। उनका ब्यौरा इकट्ठा किया गया है। जहां कहीं भी पोल टूटे हैं या फिर गल चुके हैं या जर्जर हालत में हैं। इन्हें दुरुस्त कराया जाएगा।
राजेश कुमार, एसडीओ, पीडब्ल्यूडी, बहादुरगढ़।