पीवीसी कबाड़ की दुकानों को हटाती नगर परिषद की जेसीबी। संवाद
- फोटो : Bahadurgarh
बहादुरगढ़। झाड़ोदा बार्डर के साथ लगती बहादुरगढ़ की जमीन में अवैध रूप से दोबारा बसनी शुरू हुई अवैध पीवीसी मार्केट पर नगर परिषद का पीला पंजा चला। परिषद के अतिक्रमण हटाओ दस्ते ने यहां लगभग तीन एकड़ में चल रही करीब 50 दुकानों को जेसीबी की मदद से हटा दिया। दुकानदारों ने एक बार तो विरोध किया लेकिन नगर परिषद की अतिक्रमण हटाओ टीम व पुलिस को देखकर दुकानदारों का विरोध काम नहीं आया।
यहां कुछ और दुकानें रह गई हैं, जिन्हें एक-दो दिन में हटा दिया जाएगा। इसके अलावा जिन दुकानों को हटाया गया है, उनका हजारों टन प्लास्टिक का सामान मौके पर पड़ा है। इस सामान को उठाने के लिए परिषद की टीम ने सोमवार तक का समय दिया है। अगर सोमवार तक यह सामान नहीं उठाया गया तो परिषद की ओर से कार्रवाई करते हुए उसे जब्त करके नीलाम कर दिया जाएगा। ऐसे में दुकानदारों ने आश्वासन दिया है कि वे खुद ही अपना सामान उठा लेंगे। परिषद की ओर से इस सामान को नीलाम करने की नौबत नहीं आने दी जाएगी।
झाड़ोदा बार्डर पर 200 एकड़ से अधिक जमीन में अवैध रूप से बसी पीवीसी मार्केट को 2020 में हटा दिया गया था। अब कुछ माह से यहां पर फिर से प्लास्टिक कचरे के गोदाम व दुकानें बननी शुरू हो गई थीं। नगर परिषद को जानकारी मिली तो परिषद ने वीरवार को उद्घोषणा करके दुकानदारों को अपनी-अपनी दुकानें हटाने को कहा। न हटाने पर खिलाफ कार्रवाई करने की चेतावनी दी थी। मगर दुकानदारों ने यहां से दुकानें नहीं हटाई। ऐसे में शुक्रवार सुबह नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी संजय रोहिल्ला ने परिषद के एमई ब्रिजेश हुड्डा, जेई राजकुमार, मुख्य सफाई निरीक्षक बलबीर सिंह, सफाई निरीक्षक सुनील हुड्डा, स्वच्छ भारत मिशन के जिला संयोजक राजेश मलिक के नेतृत्व में एक टीम का गठन कर यहां पर कार्रवाई शुरू की। दुकानों को जेसीबी की मदद से हटाना शुरू किया गया। परिषद की इस कार्रवाई का कुछ दुकानदारों ने विरोध किया लेकिन टीम में बड़ी संख्या में कर्मचारियों को देखकर दुकानदारों का विरोध काम नहीं आया और करीब दो घंटे की कार्रवाई में परिषद के दस्ते ने तीन एकड़ में बनी 50 दुकानों को गिरा दिया। अधिकारियों ने यहां पड़े प्लास्टिक कचरे को सोमवार तक उठाने की चेतावनी दी है।
वर्जन-
नगर परिषद के क्षेत्र में कहीं भी अवैध रूप से पीवीसी मार्केट नहीं बसने दी जाएगी। इससे खतरनाक प्रदूषण फैलता है। गंदगी भी फैलती है। बड़ी संख्या में ट्रकों और दूसरे वाहनों का आवागमन शुरू हो जाता है। इसलिए जहां भी अवैध रूप से इस तरह की दुकानें चलेंगी उनको हटा दिया जाएगा।
- संजय रोहिल्ला, कार्यकारी अधिकारी, नगर परिषद बहादुरगढ़