शहर को जल्द मिलेगा पहला फोरलेन मिनी बाईपास
चार करोड़ से होगा निर्माण, करीब तीन माह में कार्य पूरा होने की संभावना
संवाद न्यूज एजेंसी
झज्जर। नेशनल हाईवे 334 बी से बहादुरगढ़ रोड को जोड़ने वाले मिनी बाईपास का निर्माण कार्य लोक निर्माण विभाग की ओर से शुरू कर दिया गया है। करीब चार करोड़ रुपये से बनेगा। शहर का यह पहला फोरलेन बाईपास होगा। इससे पहले नेशनल हाईवे को छोड़कर कोई भी फोरलेन बाईपास नहीं है। विभाग की ओर से रोड का निर्माण कार्य करीब तीन माह में पूरा करने की संभावना है। इसके बाद से झज्जर-सांपला रोड 334 बी नेशनल हाईवे और बहादुरगढ़ को जाने वाले वाहनों को शहर के बीच या एनएच 71 से नहीं गुजरना पड़ेगा।
फिलहाल इस सड़क के निर्माण के लिए मिट्टी का भरत तेजी से किया जा रहा है। करीब 1200 मीटर के रोड को फोरलेन किया जाना है, जबकि सांपला रोड से रोहतक रोड तक इस सड़क का निर्माण कार्य फिलहाल नहीं किया जा रहा है। विभाग के ठेकेदार की ओर से मशीनें लगाकर भरत का कार्य किया जा रहा है।
लोक निर्माण विभाग की ओर से इस सड़क का निर्माण करने के लिए पहले एक करोड़ रुपये की मंजूरी दी गई थी, लेकिन पिछले दिनों विभाग के चंडीगढ़ से आए एक अधिकारी ने इस रोड को फोरलेन बनाने की योजना बनाकर मुख्यालय को भेजने के लिए कहा था। इसके बाद विभाग ने निर्माण कार्य रोक दिया था, क्योंकि अगर इस राशि से निर्माण कार्य शुरू कर देते तो 3 साल से पहले इसे फोरलेन नहीं बनाया जा सकता था। सरकार से योजना को मंजूरी मिलने के बाद अब इसका निर्माण कार्य शुुरू कर दिया गया है। हालांकि इससे पहले इस सड़क का निर्माण कार्य हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण की ओर से किया गया था, लेकिन अब इसे लोक निर्माण विभाग के अधीन दे दिया गया है।
- सात-सात मीटर होगी चौड़ाई
लोक निर्माण विभाग की तरफ से रोड की चौड़ाई बढ़ाकर दोनों तरफ सात-सात मीटर की जाएगी। रोड के निर्माण के बाद शहर में इस मार्ग से वाहनों के आवागमन के बाद जाम की स्थिति से भी कुछ हद तक निजात मिल जाएगी। इसके अतिरिक्त वाहन चालकों को शहर के अंदर गुजरने की बजाय बाईपास से निकले में समय की भी बचत होगी। वहीं शहर के सेक्टर नौ के लोगों को भी फोरलेन होने से फायदा होगा।
वर्जन
मिनी बाईपास को फोरलेन बनाने का कार्य चल रहा है। फिलहाल भरत का कार्य चल रहा है। जल्द ही रोड का निर्माण कार्य पूरा कर लिया जाएगा। - नरेंद्र सिंगरोहा, कार्यकारी अभियंता, लोक निर्माण विभाग, झज्जर