बहादुरगढ़। बराही फाटक फाटक बंद होते ही जाम लगने लगता है। लोगों ने प्रशासन से बराही फाटक पर अंडरपास बनवाने की मांग की है। बहादुरगढ़ रेलवे स्टेशन से दिल्ली और रोहतक की तरफ रोजाना 50 से अधिक सवारी और माल गाड़ियां निकलती है। वहीं 50 हजार से अधिक लोग प्रतिदिन आवागमन करते हैं।
विज्ञापन
बहादुरगढ़ रेलवे स्टेशन से रोहतक की ओर पहली फाटक (बराही फाटक) पर यह समस्या पुरानी है। लाइनपार की लगभग आधी आबादी इसी फाटक के जरिये आती-जाती है। इस रूट पर कई एक्सप्रेस, पैसेंजर और माल गाड़ियों चलती हैं। औसतन हर घंटे में यह फाटक एक बार तो बंद होता ही है।
समस्या फाटक बंद होने से नहीं यहां के हालात से है। दरअसल, फाटक के दोनों तरफ की सड़कों की चौड़ाई कम है और यहां वाहनों का दबाव काफी ज्यादा है। एक बार फाटक बंद होने से वाहन चालकों की लंबी लाइन लग जाती है और जब फाटक खुलता है तो अव्यवस्था हावी हो जाती है।
विज्ञापन
जाम से बचने के लिए बहुत से लोग तो बंद फाटक होने के बावजूद ट्रैक कॉस करने का रिस्क लेते हैं। लाइनपार के शंकर गार्डन निवासी व समाजसेवी रमेश वर्मा, संजीव शर्मा व कृष्ण मलिक ने कहा कि स्टेशन के आसपास लगती सभी फाटकों में से इसी फाटक से लोगों का आना जाना अधिक है।
सरकार की ओर से माल गोदाम के पास अंडर पास बनाया गया है लेकिन फिलहाल बराही फाटक पर अंडर पास बनाने की बेहद ज्यादा जरूरत है। यदि यहां अंडरपास बनाया जाता है तो लाइनपार वासियों को बेहद राहत मिलेगी। इस संबंध में वे जल्द ही मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर गुहार लगाएंगे।