फोटो-68 : शहर से अपने गंतव्य की ओर बढ़ते कांवड़िये। संवाद
बहादुरगढ़। हरिद्वार और गोमुख से कांवड़ लाने वाले भक्त हर-हर महादेव के जयकारों के साथ बहादुरगढ़ के रास्ते अपने गंतव्य तक पहुंच रहे हैं। 11 अगस्त को शिवरात्रि पर कांवड़िये भगवान शिव पर जलाभिषेक कर इच्छा पूर्ति की प्रार्थना करेंगे। बहादुरगढ़ क्षेत्र भक्तिमय हो गया है।
काफी संख्या में कांवड़िये अपने घरों की ओर निकले। कुछ ने बहादुरगढ़ में लगे विभिन्न शिविरों में आराम किया। शिवभक्त मनमोहक व आकर्षक आकृतियों की कांवड़ लेकर शिवालयों की ओर बढ़ रहे हैं। इन शिविरों में भोजन, जल और चिकित्सा सेवा उपलब्ध कराई जा रही है। शहर के नाहरा-नाहरी रोड, झज्जर रोड और दिल्ली-रोहतक रोड समेत अन्य मार्गों पर भी भक्तों की सेवा के लिए शिविर लगे हैं। रविवार को शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों के प्रमुख मार्ग बम-बम के जयघोष से गूंजते रहे।
कांवड़ियों में पुरुष, बच्चे और महिलाएं सभी शामिल हैं। कई शिवभक्तों के पैरों में छाले होने के बावजूद वे आगे बढ़ते रहे। हरिद्वार से डाक कांवड़ लाने के लिए युवाओं की टोलियां भी गई हैं। सोमवार को अनेक डाक कांवड़िये बहादुरगढ़ के रास्ते भागते हुए दिखे। इन टोलियों में 10 से 20 कांवड़िये तक शामिल हैं। प्रमुख मार्गों पर भीड़भाड़ के कारण कांवड़ियों को निकलने में परेशानी भी हो रही है।