झज्जर। सुरहा गांव में चार दिन पहले दुल्हन बनकर आई महिला ने अपने ससुरालजनों को सब्जी में नशीला पदार्थ खिलाकर बेसुध कर दिया और गहने व नकदी लेकर फरार होने का प्रयास किया। पड़ोसियों को शक होने के चलते दुल्हन को उसके परिवार सहित पकड़ लिया जबकि लड़की का मामा फरार हो गया।
इसकी सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सभी को पूछताछ के लिए हिरासत में लेकर तीन के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। तीनों को अदालत में पेश किया गया, जहां से दुल्हन की मां को एक दिन के रिमांड पर लिया है जबकि दुल्हन व उसके भाई को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। सीसीटीवी में लुटेरी दुल्हन अपने परिवार के साथ सामान व नकदी लेकर फरार होने का प्रयास करती नजर आ रही है।
चार दिन पहले हुई थी शादी
सुरहा गांव निवासी हरकेश की शादी चार दिन पहले पंजाब के अमृतसर के पोटला बस्ती निवासी पलविंद्र कौर से करवाई गई थी। शादी को लेकर झज्जर की एक महिला बिचौलिये के माध्यम से करीब डेढ़ लाख रुपये का लेन-देन हुआ था। आरोप है कि शादी के बाद दुल्हन ने पहले से बनाई गई योजना के तहत पति, सास और अन्य परिजनों को मंगलवार रात को सब्जी में नशीला पदार्थ खिलाकर बेहोश कर दिया। परिजन जब अचेत थे तो दुल्हन गहने और नकदी समेटकर एक गाड़ी में फरार हो गई। पड़ोसियों को शक हुआ तो उन्होंने गाड़ी का पीछा करके दुल्हन पलविंद्र कौर, उसकी मां सर्वजीत कौर और भाई दीपक को पकड़ लिया। दुल्हन का मामा मोहन सिंह मौके से फरार हो गया। दुल्हन के फरार होने के लिए इको गाड़ी की व्यवस्था पहले से की गई थी। पुलिस जांच कर रही है कि आरोपियों ने इससे पहले कोई अन्य वारदात की है या नहीं।
पहले से शादीशुदा थी युवती
पलविंद्र पहले से शादीशुदा थी। अपने पति की मौत के बाद उसने परिजनों के साथ मिलकर ठगी की योजना बनाई थी। दुलीना चौक के जांच अधिकारी एएसआई जितेंद्र ने बताया कि सुरहा गांव में दुल्हन व उसके परिवार वालों को ग्रामीणों ने पकड़ लिया। तीनों के खिलाफ केस दर्ज कर अदालत में पेश किया है।
बिचौलियों ने कराई थी शादी
हरकेश ने बताया कि वह पहले पाहसौर में निजी कंपनी में काम करता था, जहां जिले सिंह भी काम करता था। बाद में उसने काम छोड़ दिया और भट्ठे पर काम शुरू किया। जिले सिंह ने उसे कहा कि तेरी शादी करवा देता हूं। उसने अपनी पत्नी के बारे में बताया और कहा कि वह शादी करवा देगी। उसकी पत्नी ने दो लाख में शादी करवाने की बात कही तो उसने मना कर दिया। दबाव डालने पर हरकेश डेढ़ लाख पर मान गया। इसके बाद 22 जनवरी को कोर्ट में शादी करवाई गई। 27 जनवरी की रात को घटना को अंजाम दिया गया।
पड़ोसियों ने एक किलोमीटर दूर गाड़ी को रुकवाया
दुल्हन व उसके परिवार ने जब भागने का प्रयास किया तो पड़ोस में रहने वाले टिंकू ने देख लिया। उसने हरकेश को आवाजें लगाई, लेकिन उसने सुनी नहीं। इसके बाद जब वह हरकेश के घर गया तो सभी बेसुध पड़े थे। हरकेश, उसके परिवार के सदस्य व पड़ोसियों ने अपनी गाड़ी से दुल्हन व उसके परिवार का पीछा किया तो लगभग एक किलोमीटर दूर जाकर उनकी गाड़ी को रुकवा लिया।
28jjrp16- सुरहा गांव में आरोपियों को लेकर जाती पुलिस। संवाद
28jjrp16- सुरहा गांव में आरोपियों को लेकर जाती पुलिस। संवाद
28jjrp16- सुरहा गांव में आरोपियों को लेकर जाती पुलिस। संवाद