सांखोल के साथ वाली बस्ती की एक महिला की हत्या कर शव वेस्ट जुआ ड्रेन में फेंक दिया गया। ड्रेन में शव बोरी में बंद पड़ा मिला। महिला ने अपने पति से प्रेम विवाह किया था। हत्या के बाद से ही पति फरार है, जिससे पुलिस का अनुमान है कि महिला की हत्या उसके पति ने ही की होगी।
सांखोल स्थित वेस्ट जुआ ड्रेन के पास बने रिहायसी क्षेत्र में झारखंड मूल निवासी सोमेशर पत्नी रेखा के साथ सालभर से एक मकान में किरायदार पर रह रहा था। सोमेशर ने करीब डेढ़ साल पहले ही रेखा (23) के साथ प्रेम विवाह किया था। शादी के बाद ही दंपति सांखोल के पास रहने लगे थे।
सोमेशर बहादुरगढ़ में ही एक फैक्टरी में कार्य करता था, लेकिन दो माह पहले ही उसने नौकरी छोड़ दी। बताया गया है कि किसी बात को लेकर दंपति के बीच झगड़ा होता रहता था।
बृहस्पतिवार रात रेखा की किसी ने हत्या कर दी और बाद में शव को खुर्द-बुर्द करने के मकसद से बोरी में बांधकर ड्रेन में डाल दिया गया। इस वारदात का पता आसपड़ोस के लोगों को शुक्रवार सुबह उस समय लगा, जब उसके साथ लगते कमरे में रहने वाले झारखंड निवासी बिशनदेव ने सोमेशर का कमरा खुला देखा। यही नहीं उसके कमरे से ड्रेन तक किसी व्यक्ति के घसीटने के निशान मिले तो उसने मकान मालिक सांखोल निवासी राकेश को इसकी सूचना दी। जिसके बाद उन्होंने मौके पर जाकर देखा तो मामला कुछ और ही पाया।
इसके बाद सेक्टर-6 चौकी पुलिस को वारदात के बारे में बताया। थाना शहर प्रभारी अजय धनखड़ और सेक्टर-6 चौकी प्रभारी बिजेंद्र सिंह एफएसएल टीम सहित मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव की जांच पड़ताल की तो उसके नाक से खून आया हुआ था। ऐसे में पुलिस को शंका है कि किसी ने तकिया या अन्य चीज से महिला का मुंह दबाया होगा और दम घुटने से हो गई। लेकिन मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही चल सकेगा। वहीं, पड़ोसियों के मुताबिक सोमेशर रात से गायब है। इस लिए पुलिस वारदात में सोमेशर का हाथ होने का शक जता रही है।
पुलिस अधीक्षक बलबीर सिंह ने बताया कि प्रेम विवाह करने वाली रेखा के हत्यारोपी की धरपकड़ के प्रयास किए जा रहे हैं। प्रथम द़ष्टया शक की सुई महिला के पति पर है। वह फिलहाल फरार है। उसके पकड़ में आने के बाद ही यह स्थिति साफ हो पाएगी कि हत्या के मामले में उसका हाथ है या नहीं। मृतका के पति सोमेशर के संभावित ठिकानों पर पुलिस दबिश दे रही है।