अगर आप सांपला रोड स्थित सरकारी वाटर टैंक सप्लाई होने वाले पानी का उपयोग कर रहे हैं तो अपने स्वास्थ्य के प्रति सावधान हो जाइए। चूंकि यहां से सप्लाई होने वाला पानी आपके स्वास्थ्य के लिए हानिकारक हो सकता है या आप किसी गंभीर बीमारी की चपेट में आ सकते हैं। क्योंकि टैंक में काफी संख्या मरी हुई मछलियां पड़ी हैं, जिनके शव पानी की ऊपरी सतह पर उतरा रहे हैं। मरी हुई मछलियों के कारण टैंक के आसपास बदबू भरा माहौल बना हुआ है। करीब 25 से 30 फीट दूरी से मरी मछलियाें की दुर्गंध आनी शुरू हो जाती है।
नगर के सांपला रोड स्थित सरकारी वॉटर टैंक, जिससे शहर की आधी आबादी के लिए पानी सप्लाई होता है। इसमें छारा चुंगी, चौधरियान मोहल्ला, घोसियान मोहल्ला, दिल्ली गेट, पुलिस लाइन आदि क्षेत्र में रहने वाली हजारों की आबादी शामिल है। टैंक के पानी में सैकड़ों की संख्या में मरी मछलियां उतरा रही हैं। इस टैंक से हजारों की आबादी को पानी सप्लाई हो रहा है, जिनके स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ हो रहा है। वहीं, विभाग के अधिकारी इस लापरवाही पर आंख बंद किए हुए हैं।
सांपला रोड स्थित सरकारी वाटर टैंक में मरी मछलियां पड़ी होने के बाबत विभाग के एसडीओ भानू प्रताप शर्मा ने कहा कि नहर की सप्लाई से मिलने वाले पानी से मछलियां आ जाती हैं। लेकिन जो पानी सप्लाई होता है, वह नियमानुसार फिल्टर किया जाता है।