गांव सांखोल में पानी की डिग्गी के पास शुक्रवार की सुबह एक व्यक्ति का शव मिला। व्यक्ति के चेहरे पर चोट के निशान है। गिरने से मौत की आशंका जताई जा रही है। असली कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से हो पाएगी। फिलहाल पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया है। मामले में परिजनों के बयान पर 174 के तहत कार्रवाई की गई है।
मृतक की पहचान 47 वर्षीय वासुदेव के रूप में हुुई है। दरअसल, मूलत: ओडिशा निवासी वासुदेव पिछले कुछ वर्षों से बहादुरगढ़ की सूर्या कॉलोनी में रहता था। वह सूर्या कंपनी में काम करता था। रोजमर्रा की तरह वीरवार की सुबह वह घर से ड्यूटी गया था लेकिन शाम को घर नहीं आया। कई बार वासुदेव नाइट शिफ्ट भी कर लेता था। जब घर नहीं आया तो परिजनों को लगा कि वह नाइट शिफ्ट में काम कर रहा होगा। इधर, शुक्रवार की सुबह गांव सांखोल में पानी की डिग्गी के पास उसका औधे मुंह पड़ा शव पाया गया। देखते ही देखते मौके पर भीड़ जुट गई। जेब में मिले आधार कार्ड के जरिये पहचान हो गई। सूचना मिलते ही सेक्टर छह थाने से पुलिस मौके पर पहुंची और कार्रवाई शुरू की। दोपहर को बहादुरगढ़ के नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया गया।
गिरने से मौत होने की आशंका
वासुदेव का शव उल्टा पड़ा था और उसके दोनों हाथ पैंट की जेब में थे। चेहरे पर चोट के निशान भी थे। आशंका जताई जा रही है कि रात को वह चलते-चलते गिर गया और उठ नहीं पाया। वह किन हालातों में गिरा और कैसे उसकी मौत हुई, ये अभी सवाल बना हुआ है। पुलिस भी पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने का इंतजार कर रही है। उधर, सेक्टर छह थाने से मामले के जांच अधिकारी अजय ने कहा कि फिलहाल परिजनों के बयान पर 174 के तहत कार्रवाई की गई है। शव परिजनों को सौंप दिया गया है।