वृद्धों के सम्मान के लिए चलाई गई वृद्धावस्था सम्मान भत्ता योजना नोटबंदी के दौर में वृद्धों के लिए टेंशन बनी हुई है। मंगलवार को पेंशन निकालने के लिए बैंक की लाइन में लगे एक बुजुर्ग को दिल का दौरा पड़ गया, जिससे उसकी मौत हो गई।
झाड़ली गांव स्थित पीएनबी की शाखा में पेंशन लेने के लिए पहुंचे झाड़ली के ही कुंदन सिंह को करीब डेढ़ बजे हार्ट अटैक आया। लोग उन्हें तुरंत झज्जर के सामान्य अस्पताल में लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के उपरांत उन्हें मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि कुंदन सिंह पेंशन लेने के लिए बैंक पहुंचे थे। वह सुबह 10 बजे से लाइन में लगे थे, लेकिन करीब डेढ़ बजे तक पेंशन के लिए उनका नंबर नहीं आया। जिस समय कुंदन सिंह को दिल का दौरा पड़ा, उस वक्त भी उनसे आगे लाइन में करीब 10 लोग थे। मामले की जानकारी मिलते ही पहुंची पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया।
4 हजार पेंशनर हैं शाखा में
झाड़ली गांव की पीएनबी शाखा में फौज व अन्य सरकारी विभागों से सेवानिवृत्त पेंशनर के साथ-साथ वृद्धावस्था पेंशनर की संख्या करीब 4 हजार है। वहीं झाड़ली शाखा को हर दिन केवल 3 लाख रुपये का कैश ही उपलब्ध करवाया जाता है। इसके चलते यहां पर कैश को लेकर बड़ी मारामारी चल रही है। लोग सुबह ही लाइनों में लग जाते हैं और शाम ढलने तक कई बार उनका नंबर नहीं आता।
14 को आ गई थी पेंशन
जिले के पेंशन धारकों के खाते में 14 दिसंबर को ही पेंशन डाल दी गई थी। 27 तारीख होने के बावजूद कुंदन सिंह अपनी पेंशन नहीं निकाल पाया था। इससे सहज ही अंदाजा लगाया जा सकता है कि पीएनबी की इस शाखा में किस प्रकार के हालात रहे होंगे। ऐसे हालात अकेले पीएनबी की झाड़ली शाखा के ही नहीं बल्कि साल्हावास के और मातनहेल की एसबीआई शाखा के भी कुछ ऐसे ही हाल हैं।
मंगलवार को जिले में आया था साढे़ 13 करोड़ : शर्मा
एलडीएम एलडी शर्मा के अनुसार मंगलवार को जिलेेेभर के बैंकों के लिए साढे़ 13 करोड़ रुपये कैश आया था, जो कि वर्तमान हालात को देखते हुए नाकाफी है। उन्होंने पीएनबी की शाखा में वृद्ध के हार्ट अटैक से मौत की घटना पर दुख भी व्यक्त किया।
यह बोले पुलिस अधिकारी
एएसआई पवन कुमार ने बताया कि झाड़ली के पीएनबी बैंक में झाड़ली निवासी कुंदन सिंह वृद्धावस्था पेंशन लेने के लिए आया था। करीब डेढ़ बजे हार्ट अटैक आने से उसकी मौत हो गई।