बहादुरगढ़। विश्वकर्मा चौक से रेलवे स्टेशन की दूरी वाहन से एक मिनट से कम समय की तो पैदल दो मिनट की है, लेकिन यहां पर दोपहर और शाम के समय लगने वाले जाम के कारण आधा घंटा में भी पहुंचना मुश्किल हो जाता है। वाहन चालकों के साथ-साथ पैदल राहगीरों को भी काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। जाम खुलवाने के लिए पुलिसकर्मी की तैनात न होना समस्या को और बढ़ा देता है।
यातायात पुलिस दोपहर के समय वाहनों के चालान काटने में व्यस्त रहती है, लेकिन जाम से निजात दिलाने का प्रयास नहीं करती। ऐसे में आमजन ही जाम खुलवाने के लिए मशक्कत करता है। रोजाना की यही स्थिति बनी हुई है। रेलवे रोड के दुकानदार विकास शर्मा, प्रशांत, आनंद मित्तल व जाम में फंसे वाहन चालक विक्रांत गुप्ता, नीरज शर्मा, रवि कुमार ने बताया कि प्रतिदिन शाम के समय करीब 6 बजे से 8 बजे तक विश्वकर्मा चौक के हालात बेहद खराब रहते हैं। इस चौक पर एक-दो तरफ से नहीं बल्कि 6 रास्तों से वाहन पहुंचते हैं और जाम की स्थिति उत्पन्न हो जाती है। दोपहर स्कूलों की छुट्टी होने के बाद भी यही हालात बने रहते हैं। शहरवासियों ने मांग की है कि इस चौराहे पर रात 8 बजे तक पुलिसकर्मी तैनात किए जाएं ताकि यहां जाम की स्थिति न बनें। जाम में फंसे रहने के कारण कई यात्रियों की ट्रेन तक छूट जाती है।
सफेद हाथी बने हैं चौक पर लगे सिग्नल
चौक-चौराहों पर जाम की समस्या से निपटने के लिए पुलिस प्रशासन ने नगर परिषद व अन्य सहयोग से ट्रेफिक सिग्नल लगवाए थे, लेकिन यह एक दिन भी काम नहीं आए। इन पर लाखों रुपये खर्च किए गए। आज यह सफेद हाथी बने हुए हैं।
वर्जन...
विश्वकर्मा चौक पर कई पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। फिर भी समस्या है तो यातायात पुलिसकर्मी और बढ़ाए जाएंगे। आमजन को समस्या नहीं आने दी जाएगी।
- विकास कुमार, एसएचओ, ट्रेफिक बहादुरगढ़।
-फोटो 56 : विश्वकर्मा चौक पर शाम के समय जाम में फंसे वाहन।
-