बहादुरगढ़। गांव मुकुंदपुर के पास हुई लूटपाट के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। अदालत के आदेश अनुसार उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। आरोपी की पहचान राजू निवासी गांव प्रहलादपुर किड़होली के तौर पर की गई।
सदर थाना बहादुरगढ़ के प्रभारी उप निरीक्षक राजेश कुमार ने बताया कि थाना में तैनात सहायक उप निरीक्षक नरेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस की एक टीम ने मंगलवार को एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने प्राथमिक पूछताछ में 4 मई को मुकुंदपुर के पास लूटपाट की वारदात का खुलासा किया। आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल मोटर साइकिल बरामद की गई। पकड़े गए आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
एसएचओ राजेश ने बताया कि नरेंद्र निवासी गाधंरा ने बताया कि 4 मई को वह पूठ दिल्ली से अपने दोस्त की गाड़ी से अपने गांव की तरफ जा रहा था। रास्ते में मुकुंदपुर बस स्टैंड के पास रास्ता पूछने के लिए उसने अपनी गाड़ी रोकी थी। तभी पीछे से एक मोटर साइकिल पर सवार तीन युवक आए। तीनों लड़कों ने उसके साथ जबरदस्ती करते हुए उसकी गाड़ी की चाबी, मोबाइल फोन व नकदी छीन ली और गाड़ी को लेकर मौके से फरार हो गए। शिकायत पर कार्रवाई करते हुए आरोपियों के खिलाफ थाना सदर बहादुरगढ़ में आपराधिक मामला दर्ज किया गया था।