झज्जर। कोरोना की दूसरी लहर लोगों पर भारी पड़ रही है कोरोना संक्रमित की संख्या में हर रोज इजाफा हो रहा है। वहीं अब कोरोना से मरने वालों के आंकड़े भी तेजी से बढ़ रहे हैं। एक अप्रैल से अब तक 87 लोग कोरोना की जंग हार चुके हैं, जबकि 1 अप्रैल 2020 से पहले 31 मार्च तक संक्रमण से 102 लोगों की मौत हुई थी। बुधवार को कोरोना संक्रमण से 9 लोगों की मौत के साथ मृतकों का आंकड़ा 189 पहुंच गया है। इतना ही नहीं जिले में अब तक स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार 16289 लोग संक्रमित पाए जा चुके हैं, जबकि 14890 लोग ठीक हो चुके हैं। फिलहाल 1210 सक्रिय केस हैं। इनमें 995 ग्रामीण और 255 शहरी क्षेत्र के संक्रमित हैं। बुधवार को मिले 274 संक्रमितों में से 188 ग्रामीण और 86 शहरी क्षेत्र के संक्रमित शामिल हैं। पॉजिटिविटी रेट को देखा जाए तो ग्रामीण का 13.88 प्रतिशत और शहरी क्षेत्र का 15. 8 प्रतिशत है।
जिले में 848 बेड खाली
जिले में बेड की स्थिति को देखा जाए तो फिलहाल तक स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के मुताबिक 1283 बेड हैं। इनमें 435 पर मरीजों को भर्ती किया गया है, जबकि 848 बेड खाली हैं। बिना ऑक्सीजन वाले 468 बेडों में से 69 पर मरीज भर्ती किए गए हैं, 399 बेड खाली हैं। ऑक्सीजन वाले बेड की स्थिति को देखा जाए तो जिले में 629 ऑक्सीजन वाले बेड हैं। जिनमें से 217 पर मरीजों को भर्ती किया गया है और 412 बेड खाली हैं। आईसीयू के बेड को देखा जाए तो जिले में निजी अस्पतालों में 186 आईसीयू के बेड है, जिन पर 149 मरीजों को भर्ती किया गया है। 37 बेड फिलहाल तक खाली हैं। फिलहाल जिले में 13 मरीजों को वेंटिलेटर पर रखा गया है और 31 बेड में से 18 बेड फिलहाल खाली हैं। जिले में फिलहाल तक 435 मरीजों को अस्पताल में भर्ती किया गया है। इनमें से 225 ग्रामीण क्षेत्र 175 शहरी क्षेत्र के हैं जबकि 35 मरीज दूसरे राज्यों से झज्जर के अस्पताल में भर्ती करवाए गए हैं।
8 मरीजों को आइसोलेशन सेंटर में किया गया है भर्ती
जिले में फिलहाल तक प्रशासन की तरफ से 88 गांव में आइसोलेशन सेंटर स्थापित किए गए हैं। इनमें से आठ लोगों को आइसोलेशन सेंटर भर्ती किया है। जिन कोरोना संक्रमितों के पास घर में आइसोलेशन की सुविधा नहीं हैं। उन मरीजों को इनमें भर्ती किया गया है।
19 दिन में मिले 6491 कोरोना संक्रमित
तिथि संक्रमित
1 मई 263
2 मई 265
3 मई 290
4 मई 451
5 मई 315
6 मई 404
7 मई 326
8 मई 368
9 मई 321
10 मई 281
11 मई 409
12 मई 181
13 मई 418
14 मई 258
15 मई 502
16 मई 425
17 मई 288
18 मई 452
19 मई 274
कोविड हेल्पलाइन
जिला मुख्यालय पर स्वास्थ्य विभाग की मेडिकल सेवा के लिए कंट्रोल रूम सिविल सर्जन कार्यालय परिसर सेक्टर 6 में बनाया गया और हेल्पलाइन नंबर 01251-297193 व 297393 के अलावा 01251-297193, 01251-297393, 01251-297416, 01251-397417, 01251-297418 और 01251-297419 जारी किए गए हैं। साथ ही सरकार की ओर से दिए गए हेल्पलाइन नंबर 1075 पर संपर्क कर कोरोना से बचाव संबंधित जानकारी व कोरोना संक्रमित व्यक्ति स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाने बारे चिकित्सीय जानकारी 24 घंटे सातों दिन प्रभावी रूप से दी जा रही है।
वर्जन
कोरोना संक्रमण को लेकर गांवों में सर्वे का कार्य निरंतर रूप से किया जा रहा है। लोगों की जांच के साथ उन्हें जागरूक भी किया जा रहा है। जिन मरीजों के पास गांवों में होम आइसोलेशन की सुविधा नहीं है उन्हें आइसोलेशन सेंटर में रखा जा रहा है। कोरोना संक्रमित पाए जाने वाले मरीजों को होम आइसोलेशन में किट उपलब्ध करवा कर उनकी जांच की जा रही है। लोगों से बार-बार आहवांन किया जा रहा है कि कोरोना को हल्के में लेने की गलती ना करें।
- डॉ. रणबीर सिंह, उप सिविल सर्जन, झज्जर।