झज्जर। शहर की स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत का काम पूरे साल विवादों में रहा। कभी पार्षदों की तरफ से ठेकेदार पर काम नहीं करने के आरोप लगाए गए तो कभी भुगतान राशि न देने को लेकर नप और ठेकेदार के बीच विवाद रहा। अब इसका टेंडर खत्म हो रहा है।
नगर परिषद ने नए टेंडर के लिए आवेदन भी मांग लिए हैं। इस बार नगर परिषद शहर की सभी स्ट्रीट लाइटों के रखरखाव पर 56.71 लाख रुपये की राशि खर्च करेगा। नगर परिषद की तरफ से 56.71 लाख रुपये का ऑनलाइन टेंडर लगा दिया है जबकि पिछले साल यही काम पूरे साल में 35 लाख रुपये में दिया गया था। हालांकि ठेकेदार ने कम रेट लगाकर इस ठेके काे लिया था, लेकिन 35 लाख रुपये सालाना में काम किया गया। अब एक बार फिर से स्ट्रीट लाइटों के रखरखाव का नया टेंडर लगाया गया है, जो 56.71 लाख रुपये का है। यह पिछले साल से 21.71 लाख रुपये ज्यादा है।
शहर के कई हिस्सों में बंद पड़ी स्ट्रीट लाइट
इस समय भी शहर के अधिकतर हिस्सों में स्ट्रीट लाइट बंद पड़ी हुई है। बारिश के चलते ये स्ट्रीट लाइटें बंद हो चुकी है। इस कारण शाम होते ही मुख्य मार्गों और काॅलोनियों में अंधेरा छा जाता है। लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। इसमें मुख्य रूप से शहर का बर्फखाना रोड, रोहतक रोड प्रमुख रूप से शामिल है।
प्रतिदिन आ रही 15 से 20 शिकायतें
नगर परिषद के पास स्ट्रीट लाइटों को लेकर प्रतिदिन 15 से 20 शिकायतें आ रही हैं। बारिश के दिनों में इन शिकायतों का आंकड़ा बढ़कर 30 से 40 हो जाता है। इस समय बारिश के चलते शहर में स्ट्रीट लाइट मेंटेनेंस का काम बिल्कुल बंद पड़ हुआ है।
शहर में लाइटों की स्थिति
कुल लाइट-15 हजार
छोटी लाइट-10500 हजार
बड़ी लाइट-4500 हजार
वर्जन
शहर में स्ट्रीट लाइट के रखरखाव को लेकर नया टेंडर लगाया गया है। पुराने की अवधि लगभग खत्म है। इसलिए नया टेंडर जरूरी है ताकि लोगों को असुविधा न हो।
जिले सिंह सैनी, चेयरमैन, नगर परिषद, झज्जर