-फोटो 51 : बहादुरगढ़ में उत्तरी बाईपास बनाने के लिए इस्कॉन मंदिर के पास किया जा ड्रेन में बॉक्स
बहादुरगढ़। उत्तरी बाईपास के निर्माण कार्य में अब तेजी आएगी। यहां पर सड़क निर्माण के लिए पीडब्ल्यूडी की ओर से टेंडर प्रक्रिया तेज हो गई है। विभाग की ओर से साढ़े 74 करोड़ की विस्तृत निविदा आमंत्रण सूचना (डीएनआईटी) बनाकर मुख्यालय भेजी गई है। इसी महीने टेंडर लगाने की संभावना है। इसके बाद वर्क ऑर्डर होगा और सितंबर के महीने में सड़क का कार्य शुरू होने की उम्मीद है। बता दें कि पिछले माह तकनीकी खामियों के चलते विभाग ने ऑब्जेक्शन लगा दिया था। इस्कॉन मंदिर के पास ड्रेन में बॉक्स डालने का कार्य तीव्र गति से किया जा रहा है। लगभग 22 करोड़ की लागत से सिंचाई विभाग की ओर से यह कार्य किया जा रहा है। पिछले दिनों विभाग की ओर से भेजे गए एस्टीमेट पर ऑब्जेक्शन लगा दिए गए थे। जिन्हें अब हटा दिया गया है।
उत्तरी बाईपास लगभग 12 किलोमीटर लंबा है। इस पर ड्रेन के दोनों तरफ सड़क का निर्माण कार्य किया जाना है। ड्रेन पर 11 पुल और दोनों किनारों पर 27-27 फुट की सड़क बनाने के कार्य को लेकर काम तेज हो गया है। वेस्ट जुआं ड्रेन पर उत्तरी बाईपास बनाने की घोषणा तत्कालीन मुख्यमंत्री मनोहर लाल की ओर से की गई थी और यह दो चरणों में पूरा होना है।
अभी तो पहले चरण में आसौदा-खरखौदा मार्ग से लेकर शहर में नाहरा-नाहरी मार्ग तक बाईपास प्रथम चरण में बन रहा है। ड्रेन में दोनों तरफ दीवारें खड़ी हो चुकी हैं। अब तीन बिंदुओं पर कार्य होना है। एक तो इस्कॉन मंदिर के पास बाॅक्स टाइप सीसी की ड्रेन बननी है जिस पर काम तेजी से चल रहा है। फिर तमाम मार्गों के 11 पुलों का निर्माण होगा। इसके बाद सड़क बनाने का कार्य शुरू किया जाएगा। ड्रेन की चौड़ाई 120 से 160 फुट चौड़ी है। ऐसे में बीच में बाकी हिस्से में 60 फुट की ड्रेन के दोनों तरफ आरसीसी की दीवारें बनाई गई हैं।
इस्कॉन मंदिर के पास 70 फुट तक ड्रेन पर मंदिर परिसर का निर्माण हो रखा है। मंदिर के गर्भ गृह के बाद चहारदीवारी हो रखी है। ड्रेन की जमीन की पैमाइश करने के बाद सिंचाई विभाग की ओर से मंदिर कमेटी को नोटिस भी दिया गया था, लेकिन दूसरी तरफ मंदिर कमेटी की ओर से तर्क दिया गया कि मंदिर की जमीन खरीदी गई है। इसके बाद सिंचाई विभाग की ओर से मंदिर को बचाने के लिए विकल्प निकाला गया। इसमें यही तय किया गया है कि मंदिर के पास ड्रेन की जितनी जमीन है, उसी को बॉक्स टाइप कवर कर दिया जाए।
उत्तरी बाईपास पर सड़क बनाने के लिए विभाग ने साढ़े 74 करोड़ की डीएनआईटी बनाकर मुख्यालय भेजी है। इसी महीने टेंडर लगाए जाने की संभावना है। सितंबर माह में सड़क और पुलों को बनाने का कार्य शुरू हो सकता है।
-अनिल रोहिल्ला, कार्यकारी अभियंता, पीडब्ल्यूडी बहादुरगढ़।
-फोटो 51 : बहादुरगढ़ में उत्तरी बाईपास बनाने के लिए इस्कॉन मंदिर के पास किया जा ड्रेन में बॉक्स डालने का काम। संवाद
-