बहादुरगढ़। क्रोएशिया के जाग्रेब में 13 से 21 सितंबर तक ओने वाली सीनियर विश्व फ्री स्टाइल, ग्रीको रोमन स्टाइल और महिला कुश्ती चैंपियनशिप के लिए टीमों का चयन होगा। महासचिव राकेश कोच ने बताया कि यह चयन प्रक्रिया भारतीय कुश्ती संघ की ओर से की जाएगी।
महासचिव कोच ने बताया कि 3 अगस्त को सुबह 10 बजे आईजी स्टेडियम, नई दिल्ली में महिला कुश्ती टीम का चयन किया जाएगा। 4 अगस्त को सुबह 10 बजे आरसी लखनऊ में फ्री स्टाइल और ग्रीको रोमन स्टाइल कुश्ती टीमों की चयन प्रक्रिया होगी। उन्होंने बताया कि चयन प्रक्रिया में वजन, माप परीक्षण के दिन ही सुबह 7 बजे किया जाएगा। पहले पांच भार वर्गों के लिए एक किलोग्राम वजन की अनुमति होगी और शेष पांच भार वर्गों के लिए 2 किलोग्राम वजन की अनुमति होगी। सभी प्रतिभागियों को अपना पासपोर्ट और हाल ही की पासपोर्ट आकार की तस्वीरें साथ लानी होंगी। इन दस्तावेजों के बिना परीक्षण में प्रवेश वर्जित कर दिया जाएगा। चयन परीक्षण की देखरेख उच्च योग्यता प्राप्त तकनीकी अधिकारियों द्वारा की जाएगी।