बहादुरगढ़ में गुरुग्राम को पानी सप्लाई करने वाली एनसीआर नहर पर उस समय अफरातफरी मच गई जब नहरी पानी की चोरी रोकने गई सिंचाई विभाग की एक टीम पर कुछ अज्ञात लोगों ने जानलेवा हमला कर दिया। हमलावरों ने विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों पर लाठी-डंडों और कसियों से हमला किया। इस दौरान उनके मोबाइल फोन छीनकर नहर में फेंक दिए गए। घटना की सूचना मिलते ही मांडौठी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
विज्ञापन
एसडीओ, जेई और बेलदारों को जमकर पीटा
जानकारी के अनुसार, सिंचाई विभाग के एसडीओ यशपाल अपनी टीम के साथ गुरुग्राम को पानी सप्लाई करने वाली एनसीआर नहर पर गश्त कर रहे थे। टीम का उद्देश्य नहर से हो रही पानी की चोरी को रोकना था। इसी दौरान, कुछ लोगों ने टीम को देखते ही उन पर हमला बोल दिया। हमलावरों ने एसडीओ यशपाल के साथ-साथ जेई, ड्राइवर और दो बेलदारों की भी जमकर पिटाई की। मिली जानकारी के अनुसार, हमलावरों ने सिर्फ मारपीट ही नहीं की, बल्कि उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों के मोबाइल फोन भी छीनकर नहर के पानी में फेंक दिए।
विज्ञापन
पुलिस में शिकायत दर्ज, एफआईआर की तैयारी
घटना के बाद, सिंचाई विभाग के अधिकारियों ने मांडौठी चौकी पुलिस में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में हमलावरों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की गई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली है। घटनास्थल और आसपास के साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं तथा आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
जी डब्ल्यू एस (गुरुग्राम वाटर सप्लाई) की टीम के साथ हुई इस वारदात ने नहरी पानी की चोरी रोकने के प्रयासों और संबंधित अधिकारियों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। इस घटना से सिंचाई विभाग के कर्मचारियों में रोष व्याप्त है और वे इस तरह के हमलों के खिलाफ कड़ी सुरक्षा की मांग कर रहे हैं।