झज्जर। पुलिस लाइन स्थित डीएवी पुलिस पब्लिक स्कूल में विद्यार्थियों को आपदा प्रबंधन से निपटने की जानकारी देने के लिए विशेष प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया।
एसपी वसीम अकरम के दिशा निर्देश पर आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान एसडीआरएफ भोंडसी की टीम ने विद्यार्थियों को आपदा प्रबंधन से बचाव बारे विस्तृत की जानकारी दी। उन्होंने आगजनी के दौरान झुलसे लोगों की मदद करने, बाढ़ में फंसे लोगों को बचाने, सड़क दुर्घटनाओं में प्राथमिक उपचार करने के साथ भूकंप जैसी परिस्थितियों में अफवाहों पर ध्यान न देने और शोर न मचाने की सलाह दी।
डीएसपी राहुल देव ने बताया कि बाढ़ जैसी आपदाओं के समय में खाद्य सामग्री का भंडारण भी करना चाहिए। बिजली के उपकरणों का विशेष ध्यान रखना चाहिए, गैस रिसाव होने पर मुंह पर ज्यादा हाथ नहीं फेरना चाहिए, मुंह के ऊपर कपड़ा बांधना चाहिए। गैस रिसाव के विपरीत जाना चाहिए। बच्चों को सिलिंडर में आग लगने पर उसे कैसे कंट्रोल किया जाए, इस के संबंध में जानकारी दी और डेमो करके भी दिखलाया गया। इस अवसर पर उप पुलिस अधीक्षक राहुल देव की मुख्य मौजूदगी में यातायात प्रभारी झज्जर उपनिरीक्षक दिलावर सिंह, उपनिरीक्षक सतीश कुमार, सहायक उपनिरीक्षक सत्य प्रकाश, गवर्नमेंट स्कूल झज्जर से डॉ प्रवीण खुराना सहित पांच स्कूलों के अध्यापक, एनएसएस जिला झज्जर के समन्वयक अनिल कुमार व अन्य मौजूद रहे।