बेरी। प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान योजना के तहत गर्भवती महिलाओं के लिए जिलेभर में मुफ्त जांच शिविर लगाकर मुफ्त जांच की जाती है। इसी अभियान के तहत सीएचसी डीघल में गर्भवती महिलाओं के लिए मुफ्त जांच शिविर का उद्घाटन सिविल सर्जन डॉक्टर जयमाला ने किया।
उन्होंने कहा कि गर्भधारण के दौरान महिलाओं को अच्छे से ध्यान रखना चाहिए। गर्भवती महिला दो-दो जिंदगी का पालन पोषण करती है, इसलिए गर्भवती महिला को दोगुना ख्याल रखना होता है। गर्भावस्था में अच्छे से खानपान की आवश्यकता होती है और खुशमिजाज रहना चाहिए ताकि महिला के साथ पेट में पल रहे बच्चे को भी सकारात्मक ऊर्जा मिलती रहे। किसी प्रकार की परेशानी आती है तो नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर महिला विशेषज्ञ से परामर्श लेना चाहिए। सरकार की तरफ से चलाई जा रही जनकल्याण योजनाओं के बारे में जागरूक होना चाहिए ताकि लाभार्थी ज्यादा से ज्यादा फायदा ले सके।
विज्ञापन
लाभार्थी आयुष्मान भारत का ज्यादा से ज्यादा लाभ लें। अपने एरिया एवं परिवार को नशा मुक्त बनाने का प्रयास करें। सिविल सर्जन डॉ जयमाला ने स्टाफ को निर्देश देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान योजना का लक्ष्य हाई रिस्क प्रेगनेंसी को ढूंढना है एवं सही से इलाज देकर उसको स्वस्थ बनाना है। साथ ही यह भी कहा गया कि गर्भवती महिला में एनीमिया की कमी न होने पाए। अगर ऐसा पाया जाता तो समय-समय पर उसका फॉलोअप किया जाए।
सीएचसी सीनियर मेडिकल ऑफिसर डॉ. नरेश ने बताया कि सरकार की तरफ से गर्भवती महिलाओं के लिए प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान योजना के तहत प्रत्येक महीने की 9 तारीख को मुफ्त जांच शिविर का आयोजन किया जाता है ताकि गर्भवती महिलाएं अपनी जांच करवा सके। इस दौरान उपस्थित गर्भवती महिलाओं को स्वास्थ्य विभाग की ओर से पोषण आहार के रूप में मुफ्त गुड़, चना देकर स्वास्थ्य को स्वस्थ रखने के लिए संदेश दिया गया।