झज्जर। अरुणाचल प्रदेश और हरियाणा के बीच मुंबई में खेला गया सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के मैच में हरियाणा ने 175 रनों से जीत दर्ज की। झज्जर के रोहित प्रमोद शर्मा की इस मैच में बल्लेबाजी नहीं आ सकी। इस मैच में उन्होंने दो कैच भी पकड़े। रोहित प्रमोद शर्मा हरियाणा की टीम में विकेट बल्लेबाज के रूप में शामिल है।
मुंबई के शरद पवार क्रिकेट अकादमी बीकेसी में अरुणाचल प्रदेश और हरियाणा के बीच मैच खेला गया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए हरियाणा की टीम ने 20 ओवरों में दो विकेट खोकर 255 रन बनाए। इस दौरान हरियाणा की तरफ से निशांत सिंधु ने 48 गेंदों में नाबाद 100 रन बनाए। वहीं हिमांशु राणा ने 45 गेंदों में 91 रन, कप्तान अंकित कुमार ने 22 गेंदों में 34 और सुमित कुमार ने पांच गेंदों में नाबाद 16 रन बनाए। झज्जर जिले में बहादुरगढ़ क्षेत्र के रहने वाले रोहित प्रमोद शर्मा की इस मैच में बल्लेबाजी नहीं आई।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी अरुणाचल प्रदेश की टीम 17 ओवरों में 80 रनों पर ऑल आउट हो गई। हरियाणा की तरफ से हर्षल पटेल ने पांच विकेट लिए। इस दौरान मोहित शर्मा और युजवेंद्र चहल ने दो-दो विकेट व अंशुल कंबोज ने एक विकेट हासिल किया।