बहादुरगढ। हरियाणा राज्य स्कूल तैराकी प्रतियोगिता का समापन हो गया है। एचएल सिटी स्थित चैंपियंस एक्वेटिक एकेडमी के स्वीमिंग पूल में शिक्षा विभाग की तरफ से तीन दिन तक प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 आयु वर्ग में करीब 1200 तैराकों ने भाग लिया है। प्रतियागिता में फरीदाबाद और गुरुग्राम के तैराकों का दबदबा रहा।
प्रतियोगिता के कन्वीनर संदीप कादियान ने बताया कि जिला शिक्षा अधिकारी राजेश खन्ना के मार्गदर्शन में प्रतियोगिता का सफल आयोजन हुआ। प्रतियोगिता में झज्जर, गुुरुग्राम, फरीदाबाद, सोनीपत, पानीपत, सिरसा, हिसार, रोहतक, करनाल, कुरूक्षेत्र, अंबाला, जींद, पलवल, चरखीदादरी सहित प्रदेश के सभी जिलों से तैराकों ने भाग लिया है।
अंडर-14 आयु वर्ग में फरीदाबाद पहले, झज्जर दूसरे और गुरुग्राम के तैराक ओवरऑल तीसरे स्थान पर रहे हैं। जिन्होंने अलग-अलग इवेंट्स में बेहतर प्रदर्शन कर अपने जिले का प्रतिनिधित्व राज्य प्रतियोगिता में किया है। वहीं अंडर-17 आयु वर्ग में गुरुग्राम पहले, झज्जर दूसरे और फरीदाबाद के तैराक ओवरआल तीसरे स्थान पर रहे हैं।
अंडर-19 आयु वर्ग में गुरुग्राम पहले, झज्जर दूसरे और सिरसा के तैराक ओवरऑल तीसरे स्थान पर रहे हैं। प्रतियोगिता के तीसरे दिन अंडर-14 आयु वर्ग के 50 मीटर फ्री स्टाईल में गुरुग्राम के रेयांश ने पहला और झज्जर के वीर दलाल ने दूसरा स्थान हासिल किया। 100 मीटर बैकस्ट्रॉक में झज्जर के विहान ने पहला और सोनीपत के अनव ने दूसरा स्थान हासिल किया।
50 मीटर बैक स्ट्रॉक में फरीदाबाद के आरेज ने पहला और गुरुग्राम के रेयांश ने दूसरा स्थान हासिल किया है। वहीं 200 मीटर आईएम में झज्जर के वीर दलाल ने पहला और फरीदाबाद के आरेज ने दूसरा स्थान हासिल किया है। प्रतियोगिता के सफल आयोजन में एईओ राजेश कुमार, एईईओ प्रेम सिंह, डीओसी मनोज कुमार ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। प्रतियोगिता के विजेता तैराक अब नेशनल स्कूल तैराकी में प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे।